छत्तीसगढ़/कोरबा :- भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के तत्वावधान में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर शुक्रवार, 21 अगस्त को भाजपा जिला कार्यालय, टी.पी. नगर में भव्य संत समागम एवं कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह के मुख्य आतिथ्य, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता एवं प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थितजनों ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक समरसता, समानता और सद्भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाज के प्रबुद्धजनों का साल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
गोपाल मोदी बोले—“मन चंगा तो कठौती में गंगा”
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने संत रविदास जी के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया कि ईश्वर की प्राप्ति के लिए मन की पवित्रता और सच्ची श्रद्धा सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रसिद्ध उक्ति “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्मल मन और सच्ची भक्ति में ही ईश्वर का वास होता है।
उन्होंने गुरु रविदास जी के जीवन से जुड़े प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को कर्म, भक्ति और मानवता का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर एकता और भाईचारे के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
राजीव सिंह ने कहा—गुरु रविदास जी ने दिया समानता का संदेश
रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के अनुयायी समाज के सभी वर्गों में रहे। उन्होंने हमेशा ऊंच-नीच और भेदभाव का विरोध करते हुए समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचारों से प्रभावित होकर अनेक राजा-महाराजा भी उनके अनुयायी बने और उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में सद्भाव एवं समानता का संदेश आगे बढ़ाया।
भोजराम देवांगन बोले—संत रविदास जी ने दिया समरस समाज का संदेश
छत्तीसगढ़ हाथकरघा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन ने संत रविदास जी के सामाजिक चिंतन को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समानता, सद्भाव, प्रेम और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रेरणास्रोत हैं।
24 मंडलों में किया गया कलश वितरण
कार्यक्रम के दौरान जिले के 24 मंडलों के लिए धार्मिक परंपराओं के अनुरूप कलश वितरण किया गया। इन कलशों को संबंधित मंडलों के मंदिरों में स्थापित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता और धार्मिक-सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ पवन गर्ग, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, संतोषी दीवान, योगेश जैन, रुक्मणी नायर, नवीन अरोड़ा, अजय कंवर, नवीन मार्कंडेय, कमला बरेठ, अर्जुन गुप्ता, डॉ. विजय राठौर, राजेश लहरे, प्रीति स्वर्णकार, संजय राठौर, संजीव शर्मा, प्रदीप सिंह एवं अविनाश दुबे सहित समस्त मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संत रविदास जयंती पर आयोजित यह संत समागम सामाजिक समरसता, सद्भाव, समानता और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देने वाला गरिमामय आयोजन रहा।

















