HomeBreaking Newsतिलकेजा में प्रधानमंत्री आवास योजना मे गड़बड़ी की शिकायत के बाद पूरे...

तिलकेजा में प्रधानमंत्री आवास योजना मे गड़बड़ी की शिकायत के बाद पूरे जिले में खुली जांच की राह, प्रशासन अलर्ट, पंचायतों में चस्पा हुई पूरी सूची

पंचायत भवनों में चस्पा हुई प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची, सीईओ प्रतीक जैन की अपील—गड़बड़ी मिले तो तत्काल करें शिकायत

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने अब बड़ा कदम उठाया है। तिलकेजा ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी गड़बड़ी की शिकायत सामने आने के बाद जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन के निर्देश पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में स्वीकृत आवासों की सूची सार्वजनिक कर पंचायत भवनों में चस्पा कराई गई है। प्रशासन की इस पहल से अब हितग्राही खुद सूची देखकर अपने आवास की स्वीकृति और भुगतान से संबंधित जानकारी की पड़ताल कर सकेंगे।   

- Advertisement -

वर्ष 2016-17 से 2025-26 तक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की सूची ग्राम पंचायत भवनों में उपलब्ध कराई गई है। इसका उद्देश्य केवल हितग्राहियों को जानकारी देना ही नहीं, बल्कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता लाना और यदि कहीं कोई गड़बड़ी हुई है तो उसे सामने लाना भी है। 

तिलकेजा की शिकायत बनी जिलेभर में पारदर्शिता का आधार

तिलकेजा ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर शिकायत आने के बाद जिला पंचायत स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया। इसके बाद जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने सभी ग्राम पंचायतों में स्वीकृत आवासों की सूची सार्वजनिक कराने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि इस पहल से अब केवल एक पंचायत तक सीमित शिकायत की जांच का दायरा बढ़कर जिले की अन्य पंचायतों तक पहुंच सकेगा।

हितग्राही खुद जांचें—नाम, स्वीकृति और भुगतान

जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी हितग्राहियों से अपील की है कि वे अपने ग्राम पंचायत भवन में चस्पा सूची का अवलोकन करें। यदि किसी हितग्राही के खाते में प्रधानमंत्री आवास की राशि समय पर नहीं पहुंची है, भुगतान में कोई समस्या है अथवा आवास स्वीकृति और निर्माण से संबंधित किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो इसकी शिकायत जिला पंचायत कार्यालय या संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय में की जा सकती है।

एक शिकायत से पूरे जिले में निगरानी का रास्ता

सीईओ प्रतीक जैन के मुताबिक अभी प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी की शिकायत एक ग्राम पंचायत से सामने आई है। ऐसे में सभी ग्राम पंचायतों में स्वीकृत आवासों की सूची सार्वजनिक करने से हितग्राहियों को अपने स्तर पर जानकारी जांचने का अवसर मिलेगा। यदि किसी अन्य ग्राम पंचायत में भी आवास स्वीकृति, भुगतान या योजना के क्रियान्वयन में अनियमितता हुई होगी, तो वह भी शिकायतों के माध्यम से सामने आ सकेगी।

सूची में गड़बड़ी मिले तो कहां करें शिकायत?

हितग्राही ग्राम पंचायत भवन में चस्पा सूची में अपना नाम और आवास से संबंधित विवरण देखें। यदि नाम, स्वीकृति, भुगतान अथवा अन्य जानकारी में किसी प्रकार की विसंगति नजर आती है, तो वे संबंधित जनपद पंचायत या जिला पंचायत कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों और आपत्तियों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पारदर्शिता के साथ जवाबदेही भी तय होगी

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। ऐसे में योजना के तहत स्वीकृत आवासों की जानकारी सार्वजनिक होने से एक ओर जहां वास्तविक हितग्राहियों को अपने अधिकार की जानकारी मिलेगी, वहीं दूसरी ओर योजना के क्रियान्वयन से जुड़े स्तरों पर जवाबदेही भी बढ़ेगी। तिलकेजा में सामने आई शिकायत के बाद शुरू हुई प्रशासन की यह पहेल पंचायत भवनों में सूची चस्पा होने के बाद अब प्रशासन के साथ-साथ हितग्राही भी प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थिति पर नजर रख सकेंगे।

Must Read