छत्तीसगढ़/कोरबा :- सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला पुलिस बल कोरबा ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में “एकता वृक्ष अभियान” के तहत वृक्षारोपण के साथ विभिन्न जनजागरूकता एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। 
पुलिस केंद्र कोरबा में “सरदार वल्लभभाई पटेल के विचार एवं राष्ट्रीय एकता” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एकता वृक्षारोपण भी किया गया।
इसी अवसर पर साडा कन्या विद्यालय, कोरबा में छात्राओं के लिए वाद-विवाद, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता, सरदार पटेल के जीवन और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 
प्रतियोगिताओं में कुल 38 छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें चित्रकला प्रतियोगिता में 15, निबंध प्रतियोगिता में 18 तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता में 5 प्रतिभागी शामिल रहे। वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रिया साहू एवं अनु गुप्ता ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। 
कार्यक्रम में साडा कन्या विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह, रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैकरा, प्रशिक्षुक सूबेदार मयंक वर्मा एवं यूगल किशोर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला पुलिस बल कोरबा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति, सामाजिक सद्भाव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर कोरबा पुलिस का एकता वृक्षारोपण, छात्राओं के लिए हुई प्रतियोगिताएं












