छत्तीसगढ़/कोरबा :- थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने दो अलग-अलग गंभीर आपराधिक मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। वहीं थार वाहन आगजनी मामले में एक और आरोपी तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेने के साथ अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 526/2026 के तहत 7 जून 2026 की रात बुधवारी स्थित एक गुटखा दुकान के सामने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा ने प्रार्थी से मारपीट करते हुए शराब पीने के लिए पैसे मांगे और विरोध करने पर हत्या की नीयत से उसके पेट में चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
लगातार पतासाजी, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसके मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्टील का चाकू बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इसी तरह थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 524/2026 के तहत थार वाहन में आगजनी के मामले में भी पुलिस ने आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार किया। मामले में संलिप्त एक विधि से संघर्षरत बालक को भी विधिसम्मत कार्रवाई के तहत अभिरक्षा में लिया गया। इससे पहले पुलिस इस मामले में आरोपी दिव्य साहू को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तक इस प्रकरण में कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, चोरी सहित कई गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसे गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दण्डाधिकारी कोरबा को प्रस्ताव भी भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।












