छत्तीसगढ़/कोरबा :- शहर के व्यस्त पावर हाउस रोड स्थित ‘पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर’ में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकान संचालक एवं दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण क्षेत्र की अधिकांश दुकानें बंद थीं। देर रात लोगों की नजर क्लॉथ स्टोर से निकल रहे धुएं पर पड़ी। सूचना मिलने पर दुकान का शटर खोला गया तो अंदर आग तेजी से फैल चुकी थी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
दमकल की त्वरित कार्रवाई से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान संचालक ने हाल ही में पास में ही नया प्रतिष्ठान शुरू किया था और पुराने स्टोर का अधिकांश सामान वहां स्थानांतरित कर दिया था। इसी कारण आग से अपेक्षाकृत कम नुकसान होने की बात सामने आ रही है। हालांकि दुकान में रखे शेष कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामग्री आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
गौरतलब: स्थानीय लोगों की सतर्कता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि समय पर धुआं दिखाई नहीं देता और सूचना नहीं दी जाती, तो आग आसपास की अन्य दुकानों तक फैल सकती थी, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका थी।











