HomeBreaking Newsअंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस: ब्रह्माकुमारीज के जनजागरण अभियान में हजारों लोगों ने...

अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस: ब्रह्माकुमारीज के जनजागरण अभियान में हजारों लोगों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

छत्तीसगढ़/कोरबा :- अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन कोरबा द्वारा 17 से 26 जून तक चलाए गए नशामुक्ति शपथ एवं जनजागरण अभियान के तहत ब्रह्माकुमारीज कोरबा सेवा केन्द्रों ने जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों और ग्रामीण अंचलों में आयोजित कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।    ९अभियान के दौरान पाली क्षेत्र में 79 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा गेवरा के कोल परियोजना क्षेत्रों, सेंट जेवियर्स स्कूल, साउथ ईस्टर्न रेलवे स्कूल, विश्व सद्भावना भवन टी.पी. नगर, गेरवाघाट स्थित आध्यात्मिक ऊर्जा पार्क, तुलसी नगर सहित अनेक स्थानों पर नशामुक्ति शपथ दिलाई गई और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित हुए। 

- Advertisement -

कार्यक्रमों में ब्रह्माकुमारीज के वक्ताओं ने नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक हानियों पर प्रकाश डालते हुए राजयोग ध्यान, आध्यात्मिक ज्ञान और नैतिक मूल्यों पर आधारित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, स्वास्थ्य और परिवार की खुशियों को नष्ट करता है, जबकि आध्यात्मिक जीवन आत्मबल और सकारात्मक सोच प्रदान करता है।

अभियान में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों, औद्योगिक कर्मियों तथा ग्रामीणों ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे, अपने परिवार को नशे से दूर रखेंगे और समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

गौरतलब है कि जिला प्रशासन एवं ब्रह्माकुमारीज के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस अभियान को जिलेभर में व्यापक जनसमर्थन मिला। प्रतिभागियों ने कहा कि आध्यात्मिक जागरूकता, नैतिक शिक्षा और जनसहभागिता के माध्यम से ही नशामुक्त, स्वस्थ और संस्कारित समाज का निर्माण संभव है।

Must Read