छत्तीसगढ़/कोरबा :- भाजपा नेता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में प्रशासन ने रविवार को बड़ा एक्शन लेते हुए आरोपी बनाए गए पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रज्जाक अली के सीतामणी स्थित कथित अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद है तथा भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी है। 
प्रशासन के अनुसार, भाजपा नेता पर हुए जानलेवा हमले की जांच के दौरान आरोपी के निर्माण संबंधी दस्तावेजों की जांच कराई गई। जांच में निर्माण नियमों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित पक्ष को नियमानुसार नोटिस जारी किया गया। वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार को बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। 
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेता पर हुए हमले के बाद से प्रशासन आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में यह बुलडोजर कार्रवाई प्रशासन की सख्ती का बड़ा संदेश मानी जा रही है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह वैधानिक प्रक्रिया और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर की जा रही है। 
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भाजपा नेता पर हुए जानलेवा हमले के बाद यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया था। पुलिस ने मामले में कई आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी, जिसमें पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रज्जाक अली का नाम भी सामने आया। इसके बाद प्रशासन ने उनके सीतामणी स्थित निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराई। जांच में कथित रूप से निर्माण नियमों के विपरीत पाए जाने पर वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए अब बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध निर्माण, अतिक्रमण और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी व्यक्ति को राहत नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बिना किसी भेदभाव के आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











