छत्तीसगढ़/कोरबा :- कटघोरा मार्ग स्थित जेलगांव नेशनल हाईवे पर शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। रायपुर जा रही एक कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई। कार में सवार भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री विकास महतो के भाई डॉ. विवेक रंजन महतो सहित तीन लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। 
जानकारी के अनुसार, डॉ. विवेक महतो कोरबा से रायपुर जा रहे थे। जेलगांव के पास कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया। इसी दौरान धुआं बढ़ने पर कार में सवार सभी लोग बाहर निकल आए। कुछ ही सेकंड बाद कार में भीषण आग लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही हसदेव थर्मल पावर प्लांट और सीएसईबी की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। दरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।













