“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत दीपका पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी का केबल और ₹5000 नगदी जब्त
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना दीपका पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए निर्माणाधीन रेलवे लाइन से केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया केबल एवं ₹5000 नगदी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिलेभर में अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में दीपका पुलिस को यह सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना दीपका में शिकायत दर्ज कराई थी कि निर्माणाधीन रेलवे लाइन से करीब 200 किलोग्राम केबल चोरी हो गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की और विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 6 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का केबल और बिक्री से प्राप्त ₹5000 जब्त किया है।
सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, वहीं मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
शत्रुघ्न रोहिदास (35), परदेसी रोहिदास (30), बैसाखू रोहिदास (50), अनुज महिलांगे (26), शनीराम अगरिया (45) एवं राकेश रोहिदास (18) – सभी निवासी दीपका क्षेत्र, जिला कोरबा।
पुलिस की अपील:
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि रेलवे या अन्य सार्वजनिक संपत्ति से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।













