HomeBreaking Newsअपराध छोड़ो या कार्रवाई झेलो’ — 90+ बदमाशों की परेड में पुलिस...

अपराध छोड़ो या कार्रवाई झेलो’ — 90+ बदमाशों की परेड में पुलिस का सख्त अल्टीमेटम

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में अपराध पर नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने एक बार फिर बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित विशेष परेड में 90 से अधिक निगरानी एवं गुंडा बदमाशों को एक साथ बुलाकर सख्त हिदायत दी गई।

- Advertisement -

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित इस परेड में सभी चिन्हित बदमाशों की उपस्थिति दर्ज कराई गई और उनकी गतिविधियों की समीक्षा की गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अब अपराध के लिए कोई जगह नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बदमाशों को समझाइश दी गई कि वे अपराध छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और सम्मानजनक जीवन अपनाएं।

पुलिस ने बताया कि जिले के सभी हिस्ट्रीशीटर और निगरानी बदमाशों पर लगातार नजर रखी जा रही है। थाना और चौकी स्तर पर पुलिस टीमों को उनकी गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि उन्हें सुधार का अवसर देकर समाज में वापस स्थापित करना भी है। लगातार निगरानी और इस तरह की कार्रवाई से जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

पुलिस की अपील:

कोरबा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Must Read