छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों पर सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में मानिकपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में जिलेभर में सतत कार्रवाई जारी है। इसी दौरान चौकी मानिकपुर क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के अनुसार सुभाष ब्लॉक के दो व्यक्ति एक्टिवा वाहन में देसी शराब लेकर कुशाभट्ठा स्थित देसी शराब भट्टी के पास अवैध बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को घेराबंदी कर पकड़ा।
जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से 180 एमएल की 20 पाव देसी प्लेन शराब एवं बिक्री की रकम 200 रुपये जप्त की गई। पूछताछ में दोनों ने अवैध शराब बिक्री करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(ख) के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी :
याकुल सोनी (31 वर्ष), निवासी सुभाष ब्लॉक, मानिकपुर, कोरबा
गौरी शंकर चौहान, निवासी सुभाष ब्लॉक, मानिकपुर, कोरबा
पुलिस की अपील :
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, जुआ-सट्टा या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 में दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।













