छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में एक बार फिर विवादों को लेकर चर्चा में रहने वाले भाजपा नेता देवेंद्र पांडे पर गंभीर आरोप लगे हैं। शहर के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी ने उनके खिलाफ जमीन पर कब्जा करने की नीयत से धमकी, मारपीट और दबंगई करने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, प्रार्थी किशोर कुमार अग्रवाल (51 वर्ष), निवासी टीपी नगर कोरबा एवं निहारिका स्थित ममता स्टील के संचालक हैं। उन्होंने बताया कि 13 फरवरी की रात लगभग 8:30 बजे उनके सागौन बाड़ी (कुदुर माल) में ड्यूटी कर रहे चौकीदार बुधवार सिंह कंवर ने फोन कर घटना की जानकारी दी।
चौकीदार के मुताबिक, शाम करीब 6 बजे तीन व्यक्ति वहां पहुंचे और उसे काम छोड़ने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इनमें से दो की पहचान शिवम पांडे और संतराम साहू के रूप में हुई है, जबकि तीसरे व्यक्ति को “बड़े महाराज” कहकर संबोधित किया गया, जो बाद में देवेंद्र पांडे बताए गए।
प्रार्थी के अनुसार, मौके पर ले जाकर देवेंद्र पांडे ने चौकीदार को धमकाते हुए कहा कि “यह हमारा एरिया है, यहां हमारा कब्जा है, कोई कुछ नहीं कर सकता”, और उसे व उसके मालिक को जान से मारने की धमकी दी गई।
व्यवसायी ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि उन्होंने 30 जनवरी 2026 को शासकीय जमीन पर कथित कब्जे को लेकर कलेक्टर कोरबा के समक्ष शिकायत की थी। इसी रंजिश के चलते यह घटना घटित होने का आरोप लगाया गया है। घटना से भयभीत चौकीदार काम छोड़कर चला गया है। प्रार्थी ने 6 मार्च 2026 को पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं होने से उन्होंने नाराजगी जताई है।













