एसपी विजय कुमार पांडेय की सख्त जांच से सामने आई सच्चाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़/कोरबा :- उरगा थाना क्षेत्र में युवक द्वारा वीडियो बनाकर आत्महत्या करने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरुआती दौर में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे थे और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे थे, लेकिन जांच में सामने आया कि पूरे मामले में पुलिस की कोई संलिप्तता नहीं थी।
जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच में यह तथ्य सामने आया कि युवक को फोन कर धमकाने वाला कोई पुलिसकर्मी नहीं बल्कि युवती का भाई था, जिसने खुद को पुलिस बताकर युवक को डराने की कोशिश की थी।
फर्जी पुलिस बनकर दी थी धमकी
मृतक सनत कुमार कश्यप (25) निवासी चोरभट्टी, जिला जांजगीर-चांपा, जो वर्तमान में कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत पताढ़ी में रह रहा था, को फोन कर खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताया गया। फोन पर गाली-गलौच करते हुए उसे तत्काल चौकी में उपस्थित होने के लिए कहा गया। फोन पर मिली इस धमकी से युवक बेहद तनाव में आ गया। बताया जा रहा है कि मानसिक दबाव में आकर उसने पहले एक वीडियो बनाया और फिर आत्मघाती कदम उठा लिया।
बहन के घर से जाने से नाराज था आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सचिन खरे (30) निवासी गेवरा बस्ती, कोरबा की बहन स्नेहा खरे (21) 12 मार्च को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में जानकारी मिली कि वह धीरेन्द्र पाटले के साथ गई है। इसी बात से नाराज होकर सचिन खरे ने धीरेन्द्र पाटले के दोस्त सनत कश्यप को डराने के उद्देश्य से अपने रिश्तेदार शैलेन्द्र पाटले के मोबाइल से फोन किया और खुद को पुलिसकर्मी बताकर धमकी दी।
सोशल मीडिया में पुलिस पर लगे आरोप निकले गलत
घटना के बाद सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के पुलिस के खिलाफ कई तरह के आरोप और खबरें वायरल हो गई थीं। इससे पुलिस की छवि पर भी सवाल उठने लगे थे। लेकिन विस्तृत जांच के बाद स्पष्ट हो गया कि पुलिस की इस पूरे मामले में कोई भूमिका नहीं थी।
आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज
पुलिस ने मुख्य आरोपी सचिन खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इस मामले में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 113/26 के तहत धारा 204 बीएनएस में मामला दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है। वहीं आरोपी की बहन स्नेहा खरे की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना कुसमुंडा, जिला कोरबा में दर्ज है।



















