HomeBreaking Newsसड़क बनी तालाब, गड्ढों में नहाए व्यापारी

सड़क बनी तालाब, गड्ढों में नहाए व्यापारी

कुसमुंडा क्षेत्र की फोरलेन सड़क पर जलभराव, कारोबार ठप होने से बढ़ा आक्रोश

छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र की फोरलेन सड़क की जर्जर हालत ने व्यापारियों को अब सड़क पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया है। विकास नगर स्थित फोरलेन सड़क का लगभग 100 मीटर का हिस्सा गड्ढों और जलभराव से पूरी तरह तबाह हो चुका है। बरसात के मौसम में हालात और बिगड़ गए हैं।

- Advertisement -

शनिवार को व्यापारिक संघ ने इस मुद्दे को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। गड्ढों में भरे पानी में व्यापारियों ने सामूहिक स्नान कर सड़क की खस्ता हालत पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान व्यापारिक संघ के अध्यक्ष अशोक राठौड़ ने बताया कि— “पिछले दो वर्षों से सड़क की यह स्थिति बनी हुई है। खराब सड़कों के कारण ग्राहकों का आना-जाना बाधित होता है और कारोबार पूरी तरह चौपट हो गया है। प्रशासन की अनदेखी अब बर्दाश्त से बाहर हो रही है।”

व्यापारियों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण के बाद से इस मार्ग की हालत बद से बदतर हो गई है। फोरलेन सड़क का सपना अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। गड्ढों से होकर गुजरना न केवल आम नागरिकों के लिए खतरनाक है बल्कि व्यापारियों और स्थानीय लोगों के जीवनयापन पर भी इसका सीधा असर पड़ा है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे और भी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।  अब देखना यह होगा कि व्यापारियों के इस अनोखे विरोध के बाद प्रशासन हरकत में आता है या फिर समस्या जस की तस बनी रहती है।

Must Read