स्वरोजगार, जमीन संबंधी विवाद, प्रधानमंत्री आवास की लंबित किश्तों और सड़क मरम्मत सहित विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिक
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों और दूरस्थ वनांचलों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 109 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन में स्वरोजगार, खसरों की गिरदावरी की जांच, भूमि सीमांकन, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार, नक्शा कटवाने, भूमि संबंधी अभिलेखों की दुरुस्ती और शिकायतों की जांच जैसे मामले सामने आए। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम की जांच, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्तों का भुगतान, पात्रता की जांच, पशु शेड निर्माण, अतिक्रमण हटाने, सड़क मरम्मत और राहत राशि की मांग से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए गए।
वहीं, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, सड़क दुर्घटना बीमा का लाभ और आजीविका से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी नागरिकों ने प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखी।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।
जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












