छत्तीसगढ़/कोरबा :- ग्राम पंचायत करतला निवासी श्रीमती सूरज बाई कंवर ने अपने परिवार को समाजिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा कराया था। विगत दिनों सूरज बाई कंवर की मृत्यु तालाब में डूबने से हो गई थी, जिससे उनके परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस दुःखद घड़ी में उनके पति श्री बेलाल सिंह कंवर के खाते में स्टेट बैंक करतला द्वारा बीमा की राशि 02 लाख रूपए हस्तांतरित की गयी है।
स्वर्गीय सूरज कंवर ने 436 रूपए का प्रीमियम देकर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा कराया था, जिसका नॉमिनी उन्होंने अपने पति श्री बेलाल सिंह कंवर को बनाया था। सूरज बाई की मृत्यु के बाद राष्ट्रीय आजीविका मिशन की एफएलसीआरपी सूर्या महंत के सहयोग से बीमा क्लेम किया गया तथा आवश्यक दस्तावेज बैंक में जमा किये गये। 14 मार्च 2023 को बेलाल सिंह के खाते में बीमा क्लेम की राशि 02 लाख एसबीआई करतला के द्वारा राशि हस्तांतरित कर दी गई है। इस संबंध में बेलाल सिंह का कहना है कि बीमा क्लेम की राशि से परिवार को आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि परिवार की सामाजिक सुरक्षा के लिए शासन की यह सस्ती और अच्छी योजना है जिसमें मात्र 436 रूपए देकर एक वर्ष तक का बीमा कराया जाता है।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की पात्रता – इस योजना के तहत पॉलिसी लेने वाले नागरिकों की आयु 18 से 50 वर्ष होना चाहिए। इस टर्म प्लान के अंतर्गत पॉलिसी धारक को प्रतिवर्ष 436 रूपए प्रीमियम का भुगतान करना होगा। इस योजना के अंतर्गत पॉलिसी धारक का बैंक खाता होना अनिवार्य है, क्योंकि सरकार द्वारा दी जाने वाली धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बेलाल सिंह को मिली 02 लाख रूपए की आर्थिक सहायता











