चोरी का एल्यूमिनियम फ्रेम और वारदात में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद, मुखबिर की सूचना पर पुलिस को मिली सफलता
छत्तीसगढ़/कोरबा :- थाना कोतवाली क्षेत्र के पुलिस सहायता केन्द्र मानिकपुर अंतर्गत मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में हुई चोरी की दो घटनाओं का कोरबा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया एल्यूमिनियम फ्रेम और वारदात में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मिनीमाता कन्या महाविद्यालय की इमारत में प्रवेश कर अज्ञात आरोपियों ने पुरानी इस्तेमाल की हुई एल्यूमिनियम की खिड़कियां चोरी कर ली थीं। मामले में अपराध क्रमांक 685/2026 एवं 687/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केन्द्र मानिकपुर की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को पकड़कर पूछताछ की। विवेचना के दौरान तीनों आरोपियों की दोनों चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में सागर कश्यप (22), पिता स्व. ललन कश्यप, निवासी मुड़ापार महंत मोहल्ला, चौकी मानिकपुर; आकाश उरांव उर्फ टब्बरी (21), पिता बी.पी. उरांव, निवासी मुड़ापार साहू मोहल्ला, चौकी मानिकपुर तथा ईश्वर बंजारे (21), पिता रतन बंजारे, निवासी रामनगर दुर्गा पंडाल के पास, चौकी मानिकपुर को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया एल्यूमिनियम फ्रेम तथा घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल जप्त किया गया। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। दोनों प्रकरणों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4), 305(1), 3(5) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को चोरी का सामान बिक्री के लिए रखा हुआ दिखाई दे अथवा कोई व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में चोरी के सामान के साथ नजर आए, तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि नागरिकों की छोटी-सी सूचना भी किसी बड़ी चोरी या अपराध का खुलासा करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान आवश्यकतानुसार गोपनीय रखी जाएगी।
कोरबा पुलिस — सजग कोरबा, सतर्क कोरबा

















