HomeBreaking Newsशादी का झांसा देकर दुष्कर्म के दो मामले, उरगा पुलिस ने 24...

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के दो मामले, उरगा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

एक आरोपी पर फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  उरगा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवतियों का शारीरिक शोषण करने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

- Advertisement -

पहले मामले में प्रार्थिया ने थाना उरगा में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी तुषार अनंत उर्फ पिंटू (19 वर्ष), निवासी पताढ़ी, थाना उरगा, हाल मुकाम श्रवण मोहल्ला हरदीबाजार ने उससे जान-पहचान बढ़ाकर शादी का झांसा दिया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि घटना के संबंध में किसी को बताने पर आरोपी ने फोटो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी भी दी थी।

शिकायत पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 629/2026 के तहत धारा 64, 351(3) बीएनएस एवं धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी की पतासाजी शुरू की और 15 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

दो साल तक शादी का झांसा देकर करता रहा शारीरिक शोषण

दूसरे मामले में प्रार्थिया ने लिखित शिकायत में बताया कि आरोपी कृष्ण कुमार कंवर (21 वर्ष), निवासी ग्राम जुनवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा पिछले करीब दो वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। प्रार्थिया द्वारा शादी करने की बात कहने पर आरोपी ने अलग जाति और परिजनों की असहमति का हवाला देते हुए विवाह करने से इंकार कर दिया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 632/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई

कोरबा पुलिस के अनुसार महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए शिकायत मिलते ही संवेदनशीलता के साथ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उरगा पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों में थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Must Read