जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने 9 विशेष पिछड़ी जनजाति की महिलाओं को वितरित किए सोलर चलित अम्बर चरखे, खादी उत्पादन से जुड़कर बढ़ाएंगी परिवार की आमदनी
छत्तीसगढ़/कोरबा :- विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की पहल से रोजगार का नया अवसर मिला है। सोमवार को जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता जायसवाल ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन की उपस्थिति में ग्राम आछीमार की 9 पहाड़ी कोरवा महिला हितग्राहियों को सोलर ऊर्जा से संचालित अम्बर चरखे वितरित किए। इस अवसर पर खादी एवं ग्रामोद्योग के सहायक संचालक श्री आशीष राठौर भी उपस्थित रहे। 
अब ये महिलाएं घर के कामकाज के साथ खाली समय में अम्बर चरखे से सूत कातकर हर महीने 5 से 6 हजार रुपये तक की अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर सकेंगी। खास बात यह है कि महिलाओं को रोजगार के लिए अपने गांव और घर से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड उन्हें कपास की पोनी (कॉटन रोविंग) उपलब्ध कराएगा। महिलाएं चरखे के माध्यम से सूत तैयार कर विभागीय उत्पादन केंद्रों में जमा करेंगी, जिसके बदले उन्हें निर्धारित दर पर भुगतान किया जाएगा।
प्रशिक्षण के बाद मिला रोजगार का साधन
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित विभागीय खादी उत्पादन केंद्र कुंवरगढ़, धरसींवा, जिला रायपुर में कारीगर प्रशिक्षण कार्यक्रम योजना के अंतर्गत प्रदेश की 30 विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की महिलाओं को 17 सितंबर 2026 से अम्बर चरखे के माध्यम से सूत कताई का प्रशिक्षण दिया गया था। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं में कोरबा जिले की 9 पहाड़ी कोरवा महिलाएं भी शामिल थीं।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इन सभी महिलाओं को सोलर चलित किट सहित अम्बर चरखे प्रदान किए गए हैं। विभागीय उत्पादन केंद्रों के माध्यम से उन्हें गांव में ही कच्चा माल उपलब्ध कराया जाएगा और तैयार सूत का संग्रहण किया जाएगा। इससे महिलाएं अपनी सुविधानुसार घर पर ही काम कर सकेंगी और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे पाएंगी।
महिलाओं के हुनर को मिलेगा आर्थिक आधार
सौर ऊर्जा से संचालित अम्बर चरखे ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका का नया माध्यम बनेंगे। इस पहल से विशेष पिछड़ी जनजाति की महिलाओं के पारंपरिक कौशल को रोजगार से जोड़ने के साथ उन्हें स्वरोजगार का अवसर मिलेगा। घर बैठे अतिरिक्त आय अर्जित करने की सुविधा से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। साथ ही खादी उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।











