छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, पावर हाउस रोड निवासी विमल जाजोदिया ने 9 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान एशियन ट्रेडर्स में पीछे के रास्ते से घुसकर अज्ञात चोरों ने डायनेक्स कंपनी का इन्वर्टर, बिरला ओपस पेंट के डिब्बे, बॉश कंपनी की ड्रिल मशीन, ब्रेकर मशीन समेत अन्य सामान चोरी कर लिया है। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 507/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच तेज करते हुए मुखबिर की सूचना पर लक्ष्मणबन तालाब निवासी मनीष यादव (19 वर्ष) और प्रकाश चौहान (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया।
कुछ ही घंटों में आरोपियों तक पहुंची पुलिस
कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हुई, बल्कि चोरी गए लगभग ₹2.50 लाख मूल्य के सामान की शत-प्रतिशत रिकवरी भी कर ली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
नगर निरीक्षक एम.बी. पटेल के नेतृत्व में प्र.आर. 311 वासुदेव आदित्य, प्र.आर. 423 भूपेंद्र लहरे, आरक्षक 685 चंद्रकांत गुप्ता, आरक्षक 575 रामविलास, आरक्षक 91 रमेंद्र वर्मन तथा आरक्षक 725 चंद्रप्रकाश तंवर ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।











