छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा प्रेस क्लब को एक आदर्श प्रेस क्लब के रूप में विकसित करने की दिशा में बुधवार सुबह नगर पालिक निगम के आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय ने प्रेस क्लब परिसर का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने क्लब की नवनिर्वाचित प्रबंध कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों से विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
निगम आयुक्त ने प्रेस क्लब परिसर में आवश्यक विस्तार कार्यों और इसके सौंदर्यीकरण को लेकर मौके पर ही मौजूद मातहत अधिकारियों को पूरे परिसर का सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब को बेहतर और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए जल्द ही रूपरेखा तैयार कर काम शुरू किया जाएगा।
निगम आयुक्त के इस दौरे के दौरान प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री नौशाद खान, उपाध्यक्ष श्री राजकुमार शाह, सचिव श्री दिनेश राज, सह सचिव श्री हरीश तिवारी और प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य श्री नवाब हुसैन विशेष रूप से उपस्थित थे। पदाधिकारियों ने आयुक्त को क्लब की प्राथमिकताओं और आवश्यक जरूरतों से अवगत कराया। इस दौरान नगर निगम के अपर आयुक्त श्री विनय मिश्रा, उपायुक्त श्री नीरज कौशिक, अभियंता श्री सोमनाथ डहरे व श्री विनोद गोंड, सफाई इंस्पेक्टर श्री सचींद्र थवाईत समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें आयुक्त ने विकास कार्यों के संबंध में आवश्यक तकनीकी दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर विशेष रूप से वार्ड पार्षद श्री पंकज देवांगन भी मौजूद रहे।
कोरबा प्रेस क्लब को ‘आदर्श क्लब’ का रूप देने सुबह पहुंचे निगम आयुक्त, विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए दिए निर्देश











