HomeBreaking Newsएकता की ताकत से मजबूत हुआ अग्रवाल समाज, अब प्रकृति संरक्षण की...

एकता की ताकत से मजबूत हुआ अग्रवाल समाज, अब प्रकृति संरक्षण की दिशा में बढ़ाया कदम

“एक पेड़–एक जिंदगी” अभियान में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, विकास अग्रवाल बोले- समाज की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  कभी सामाजिक जरूरतों को पूरा करने के लिए छोटे-छोटे सहयोग पर निर्भर रहने वाला अग्रवाल समाज आज अपनी एकजुटता, सेवा भावना और समर्पण के बल पर मजबूत सामाजिक संस्था के रूप में स्थापित हो चुका है। समाज की इसी एकजुटता को विकास की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी विकास अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज आज एक मजबूत वटवृक्ष बन चुका है। इसकी जड़ें हमारे पूर्वजों के त्याग, बुजुर्गों के संस्कार और समाजजनों की सहयोग भावना से मजबूत हुई हैं।

- Advertisement -

अग्रसेन भवन दर्री में अग्रवाल सभा दर्री, अग्रवाल महिला मंडल एवं मारवाड़ी युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक पेड़–एक जिंदगी” वृक्षारोपण कार्यक्रम में सामाजिक एकता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी ढंग से सामने आया। कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रसेन जी महाराज के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भवन परिसर में पौधरोपण कर समाजजनों ने लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।

सहयोग की छोटी पहल से खड़ा हुआ बड़ा समाज

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास अग्रवाल ने समाज के पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा भी था, जब सामाजिक आयोजनों के लिए बर्तनों की कमी को पूरा करने के लिए करीब 100 लोगों से पांच-पांच हजार रुपये सहयोग मांगा गया था। उस समय समाजजनों ने जिस भावना के साथ सहयोग किया, वही भावना आगे चलकर समाज की मजबूती की आधारशिला बनी।

उन्होंने कहा कि आज समाज के पास संसाधन हैं, संस्थाएं हैं और मजबूत संगठनात्मक आधार है, लेकिन इस सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत और समाज के वरिष्ठजनों का त्याग है। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष प्रेम अग्रवाल, महेश अग्रवाल, वर्तमान अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल सहित समाज के वरिष्ठजनों के योगदान को याद करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को भी इसी सहयोग और समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ाना चाहिए।

समाज की सेवा से आगे प्रकृति की सेवा तक

“एक पेड़–एक जिंदगी” अभियान को केवल पौधरोपण कार्यक्रम न बताते हुए विकास अग्रवाल ने इसे आने वाली पीढ़ियों से जुड़ा अभियान बताया। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना शुरुआत है, उसकी नियमित देखभाल करना असली जिम्मेदारी है। एक पेड़ आने वाले वर्षों में न केवल छाया और ऑक्सीजन देता है, बल्कि पर्यावरण को संतुलित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने समाजजनों से आह्वान किया कि प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा लगाए और उसे अपने परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित करे। समाज सेवा और प्रकृति सेवा को साथ लेकर चलना ही आने वाली पीढ़ियों के प्रति सच्ची जिम्मेदारी है।

बुजुर्गों के संस्कार, युवाओं के हाथों में भविष्य

कार्यक्रम में सामाजिक एकता का एक और महत्वपूर्ण संदेश सामने आया। वरिष्ठजनों के अनुभव और युवाओं की सक्रियता के समन्वय से समाज को नई दिशा देने पर जोर दिया गया। समाजजनों ने पौधरोपण को व्यापक जनअभियान बनाने और लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अग्रवाल सभा के संरक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष प्रेम अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक महेश अग्रवाल, अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष सूरज पांडेय, मंडल महामंत्री अंजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, सचिव मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष बैजनाथ गोयल, प्रतीक अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच अध्यक्ष श्रेयासी अग्रवाल, मंच सचिव आशीष अग्रवाल, अग्रवाल महिला मंडल अध्यक्ष संगीता पालीवाल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Must Read