HomeBreaking Newsकोरबा के विकास की रफ्तार पर ‘आप’ का सवाल, सर्वमंगला फोरलेन की...

कोरबा के विकास की रफ्तार पर ‘आप’ का सवाल, सर्वमंगला फोरलेन की सुस्ती से जनता बेहाल

अधूरे निर्माण से जाम, धूल और दुर्घटना का खतरा; आम आदमी पार्टी ने तय समय में काम पूरा कराने की मांग की

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  आम आदमी पार्टी ने कोरबा में लंबे समय से चल रहे अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि विकास परियोजनाओं में देरी का सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

- Advertisement -

आप ने विशेष रूप से सर्वमंगला फोरलेन सड़क के अटके निर्माण को लेकर चिंता जताई है। पार्टी के मुताबिक यह मार्ग शहर के यातायात की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन निर्माण की धीमी गति के कारण वाहन चालकों, व्यापारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। निर्माणाधीन हिस्सों में धूल और यातायात दबाव के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

दो साल तक की देरी पर उठाए सवाल

आम आदमी पार्टी ने अंडरब्रिज और पुल निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में निर्धारित समयसीमा से लंबी देरी को प्रशासनिक निगरानी पर सवाल बताया। पार्टी का कहना है कि जिन परियोजनाओं से यातायात व्यवस्था सुगम होनी थी, वे ही लंबे समय से अधूरी पड़ी हैं।

‘ठेकेदार की समस्या बताकर जिम्मेदारी से नहीं बच सकता प्रशासन’

आप ने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य में देरी के लिए केवल ठेकेदार या तकनीकी समस्या को जिम्मेदार बताना पर्याप्त नहीं है। विभागीय अधिकारियों की नियमित निगरानी और समयबद्ध समीक्षा भी जरूरी है। पार्टी ने मांग की कि यदि ठेकेदार की लापरवाही से काम प्रभावित है तो कार्रवाई की जाए और विभागीय स्तर पर देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय हो।

जनता के सामने आए पूरा हिसाब

आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि शहर में चल रहे प्रमुख निर्माण कार्यों की स्वीकृत लागत, अब तक का खर्च, वर्तमान प्रगति, निर्धारित समयसीमा और देरी के कारण सार्वजनिक किए जाएं। साथ ही सर्वमंगला फोरलेन, अंडरब्रिज और पुल निर्माण सहित सभी लंबित परियोजनाओं के लिए स्पष्ट डेडलाइन तय कर कार्य पूरा कराया जाए।

आंदोलन की चेतावनी

पार्टी ने कहा है कि विकास कार्यों में तेजी नहीं आई और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी। ऐसे में आने वाले दिनों में अधूरे विकास कार्यों को लेकर कोरबा में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने के आसार हैं।

Must Read