HomeBreaking Newsविदेश में नौकरी का झांसा देकर म्यांमार के ‘केके पार्क’ में युवती...

विदेश में नौकरी का झांसा देकर म्यांमार के ‘केके पार्क’ में युवती को बनाया बंधक, साइबर ठगी कराने वाली महिला गिरफ्तार

बैंकॉक में 30 हजार थाई भाट मासिक वेतन का दिया था लालच, पासपोर्ट जब्त कर ऑनलाइन ठगी कराने का आरोप

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती को म्यांमार के ‘केके पार्क’ में बंधक बनाकर साइबर ठगी कराने के मामले में कोरबा पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवती को बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर विदेश ले जाया गया। इसके बाद उसे थाईलैंड की सीमा पार कराकर म्यांमार के केके पार्क पहुंचाया गया, जहां उसका पासपोर्ट जब्त कर उसे बंधक बनाया गया और प्रताड़ित कर ऑनलाइन ठगी करने के लिए मजबूर किया गया।

- Advertisement -

पुलिस के अनुसार, दर्री निवासी पीड़िता ने थाना दर्री में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में करीब 30 हजार थाई भाट प्रतिमाह वेतन देने का उल्लेख था। इसके बाद उसने संपर्क किया तो आरोपी महिला लीजा और उसके साथियों ने उसे बेंगलुरु बुलाया। वहां से फ्लाइट के जरिए थाईलैंड ले जाने के बाद कथित तौर पर सीमा पार कराकर म्यांमार स्थित केके पार्क पहुंचा दिया गया।

पीड़िता के अनुसार, म्यांमार के केके पार्क में उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। आरोपियों ने उस पर फर्जी सोशल मीडिया आईडी के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने का दबाव बनाया।

दूतावास की मदद से भारत लौटी पीड़िता

भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की मदद से पीड़िता को सुरक्षित भारत वापस लाया गया। इसके बाद उसकी शिकायत पर थाना दर्री, जिला कोरबा में अपराध क्रमांक 331/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 143(2) और 146 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान कथित गिरोह में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने स्नेहा भथलाल बडोले (35 वर्ष), निवासी जिला गोंदिया, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त की गई है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के साथ गिरोह के डिजिटल और वित्तीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

फर्जी विदेशी नौकरी के प्रस्तावों से रहें सतर्क

कोरबा पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान के तहत लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित विदेशी नौकरी के आकर्षक प्रस्तावों की सत्यता जांचने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन ठगी, फर्जी नौकरी के विज्ञापनों और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर अपराधों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Must Read