HomeBreaking Newsपुष्य नक्षत्र में बच्चों को कराया जाएगा स्वर्ण बिन्दु प्राशन, 5 अक्टूबर...

पुष्य नक्षत्र में बच्चों को कराया जाएगा स्वर्ण बिन्दु प्राशन, 5 अक्टूबर को आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम

जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए विशेष आयोजन, नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आहार-विहार और योग-प्राणायाम की दी जाएगी जानकारी

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  बच्चों को स्वस्थ रखने और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुर्वेद के माध्यम से स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार का विशेष आयोजन 5 अक्टूबर 2026, सोमवार को कोरबा में किया जाएगा। ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर आयोजित होगा।

- Advertisement -

महानदी कॉम्पलेक्स, निहारिका रोड स्थित पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10-11 में नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा द्वारा बच्चों के लिए आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम के तहत स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने के साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना है।

जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों को मिलेगा लाभ

‘बच्चे रहे स्वस्थ’ योजना के अंतर्गत जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों को स्वर्ण बिन्दु प्राशन ड्रॉप्स पिलाए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, आयुर्वेद में स्वर्ण बिन्दु प्राशन को बच्चों के स्वास्थ्य एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता से जुड़ी पारंपरिक प्रक्रिया के रूप में बताया गया है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों का नि:शुल्क चिकित्सकीय स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों की आयु के अनुसार उनके लिए उपयोगी आहार-विहार की जानकारी बच्चों और उनके अभिभावकों को दी जाएगी, ताकि बदलती जीवनशैली के बीच बच्चों के स्वास्थ्य और विकास पर विशेष ध्यान दिया जा सके।

योग-प्राणायाम का भी मिलेगा प्रशिक्षण

बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए आयोजन में उपयोगी योग एवं प्राणायाम का नि:शुल्क प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। अभिभावकों को बच्चों की आयु और आवश्यकताओं के अनुरूप दिनचर्या, खान-पान तथा स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी जानकारी प्रदान की जाएगी।

निर्धारित समय के लिए पहले करें संपर्क

स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार के लिए बच्चों और अभिभावकों को असुविधा से बचाने तथा अधिक समय तक प्रतीक्षा न करनी पड़े, इसके लिए पूर्व में संपर्क कर निर्धारित समय प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है।

आयोजकों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को इस आयुर्वेदिक स्वास्थ्य कार्यक्रम में लेकर आएं और बच्चों के स्वास्थ्य, आहार-विहार तथा योग-प्राणायाम से जुड़ी उपयोगी जानकारी प्राप्त करें।

Must Read