HomeBreaking Newsकोरबा में सनसनी: युवक की बेरहमी से हत्या, झाड़ियों में मिली रक्तरंजित...

कोरबा में सनसनी: युवक की बेरहमी से हत्या, झाड़ियों में मिली रक्तरंजित लाश

 डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम की मदद से हत्या की गुत्थी जल्द सुलझाने की कोशिश

कोरबा। शहर के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोहड़िया नाला के पास शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक की खून से लथपथ लाश बरामद हुई। शव की हालत और घटनास्थल के हालात देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या करने के बाद शव को सुनसान इलाके में फेंका गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है।

- Advertisement -

मृतक की पहचान 37 वर्षीय बसंत पटेल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक स्थित सोनसरी गांव का निवासी था। वह पिछले लगभग तीन वर्षों से कोरबा के दुरपा सर्वमंगला बरमपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संजय फैक्ट्री में कार्यरत था।     

सुबह झाड़ियों में दिखा शव, इलाके में मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नवा बरपारा कोहड़िया मार्ग किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा देखा। शव पूरी तरह खून से सना हुआ था। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटनास्थल पर खून के धब्बे और शव को घसीटे जाने जैसे निशान भी मिले हैं, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस भी इसे योजनाबद्ध हत्या मानकर चल रही है।     

फैक्ट्री जाने निकला था, फिर नहीं लौटा घर

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक बसंत पटेल शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे रोज की तरह फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने पहले उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह उसकी हत्या की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बताया जा रहा है कि बसंत दो दिन पहले ही अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होकर गांव से कोरबा लौटा था। उसकी पत्नी और दोनों बच्चे फिलहाल गांव में ही मौजूद हैं। बसंत की पत्नी बरमपुर स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षिका बताई जा रही है।

पुलिस की कई एंगल से जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएसईबी चौकी पुलिस, फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल सहित अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और हत्या में इस्तेमाल हथियार को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। बसंत पटेल की हत्या की खबर फैलते ही फैक्ट्री कर्मचारियों और उसके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। शांत स्वभाव और मेहनती युवक के रूप में पहचाने जाने वाले बसंत की इस तरह हत्या से हर कोई स्तब्ध है।

Must Read