सीएमडी हरीश दुहन बोले- राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारा सर्वोपरि दायित्व, उत्कृष्ट कार्यों के लिए 13 पुरस्कारों से किया गया सम्मानित
छत्तीसगढ़/बिलासपुर :- साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का 42वां स्थापना दिवस बुधवार को कंपनी मुख्यालय बिलासपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दो दिवसीय समारोह के दूसरे दिन आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कंपनी के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों एवं पूर्व निदेशकों ने शिरकत कर एसईसीएल की गौरवशाली यात्रा से जुड़े अनुभव और यादें साझा कीं। वहीं, शाम को आयोजित सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विशेष योगदान के लिए विभिन्न श्रेणियों में कुल 13 पुरस्कार प्रदान किए गए।
मुख्य समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र तथा निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) नृपेंद्र नाथ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल की गौरवशाली यात्रा में पूर्व नेतृत्व और कोयला कर्मवीरों का अमूल्य योगदान रहा है। राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना कंपनी का सर्वोपरि दायित्व है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में योगदान दें। उन्होंने टीम एसईसीएल की क्षमताओं पर भरोसा जताते हुए सामूहिक प्रयासों से निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने और कंपनी को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
समारोह में एसईसीएल के पूर्व सीएमडी एम.एन. झा, एम.के. थापर, एम.पी. दीक्षित, ए.के. सिंह, ओम प्रकाश, बी.आर. रेड्डी और प्रेम सागर मिश्रा सहित कई पूर्व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पूर्व निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) एवं एनसीएल के पूर्व सीएमडी पी.के. सिन्हा, पूर्व निदेशक (कार्मिक) के.के. श्रीवास्तव एवं राधेश्याम सिंह, पूर्व निदेशक (वित्त) ए.के. कोमावार एवं श्याम मुरारी चौधरी, पूर्व निदेशक (कार्मिक) अनिल कुमार सिंह, पूर्व निदेशक (तकनीकी-संचालन) आर.पी. ठाकुर एवं मनोज प्रसाद तथा पूर्व निदेशक (वित्त) जी. श्रीनिवासन ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इससे पहले मुख्यालय परिसर में सीएमडी हरीश दुहन ने निदेशक मंडल एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ शहीद स्मारक, डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा और श्रमिक प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद ऑडिटोरियम परिसर में ध्वजारोहण, कॉर्पोरेट गीत और आकाश में गुब्बारे छोड़कर स्थापना दिवस का उत्सव मनाया गया।
समारोह का विशेष आकर्षण ज्ञान साझा सत्र रहा। इसमें एसईसीएल के पूर्व सीएमडी एवं पूर्व निदेशकों ने अपनी लंबी कार्ययात्रा, संस्थान से जुड़ी स्मृतियों और नेतृत्व के अनुभवों को साझा किया। इस दौरान कंपनी की विकास यात्रा, विभिन्न चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई। खुले संवाद सत्र में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्व नेतृत्व के अनुभवों और मार्गदर्शन से सीखने का अवसर मिला।
वहीं, शाम को वसंत विहार खेल मैदान में आयोजित सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट में विभिन्न क्षेत्रों, विभागों और अधिकारियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विशेष योगदान के लिए कुल 13 पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें स्वच्छता पखवाड़ा 2026, विशेष अभियान 6.0, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय महाप्रबंधक, सर्वश्रेष्ठ विभागाध्यक्ष, व्यक्तिगत उत्कृष्टता एवं विशेष योगदान पुरस्कार शामिल रहे। सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्रद्धा महिला मंडल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एसईसीएल संचालन समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ सिस्टा, कौंसिल एवं ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।












