HomeBreaking Newsकॉरपोरेट कम्युनिकेशन में बालको का उत्कृष्ट प्रदर्शन, एसोचैम ने राष्ट्रीय मंच पर...

कॉरपोरेट कम्युनिकेशन में बालको का उत्कृष्ट प्रदर्शन, एसोचैम ने राष्ट्रीय मंच पर किया सम्मानित

8 हजार कर्मचारियों और बिजनेस पार्टनर्स के साथ संवाद, 2.5 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच; कोलकाता में आयोजित समारोह में मिला बिजनेस एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको), वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी को कॉरपोरेट कम्युनिकेशन एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए एसोचैम ने सम्मानित किया है। कंपनी को यह सम्मान प्रभावी संवाद, बेहतर जनसंपर्क और अपनी गतिविधियों, उपलब्धियों एवं विकास यात्रा को विभिन्न हितधारकों तक पहुंचाने के लिए प्रदान किया गया। 

- Advertisement -

औद्योगिक क्षेत्र में बालको ने कॉरपोरेट संचार को केवल कंपनी और उसके कर्मचारियों तक सीमित न रखते हुए समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ने का माध्यम बनाया है। कंपनी ने ऐसा संचार तंत्र विकसित किया है, जिसके जरिए कर्मचारियों से संवाद, स्थानीय समुदाय तक पहुंच, महत्वपूर्ण जानकारियों का आदान-प्रदान और विभिन्न हितधारकों के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

यह सम्मान कोलकाता में आयोजित एसोचैम मैन्युफैक्चरिंग कॉन्क्लेव एवं बिजनेस एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 के दौरान प्रदान किया गया। ब्रिटिश उप उच्चायुक्त डॉ. एंड्रयू फ्लेमिंग ने बालको को यह पुरस्कार प्रदान किया। समारोह में पश्चिम बंगाल सरकार के एमएसएमई, वस्त्र एवं कृषि विपणन विभाग के राज्य मंत्री अशोक डिंडा भी उपस्थित रहे।

बालको अपने विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए लगभग 8,000 कर्मचारियों और बिजनेस पार्टनर्स के साथ जुड़ा हुआ है। वहीं, सामुदायिक स्तर पर कंपनी की पहुंच 2.5 लाख से अधिक लोगों तक है। कंपनी ने औद्योगिक विकास, पर्यावरणीय स्थिरता और क्षेत्रीय प्रगति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लेखों, विशेषज्ञों के विचारों और मीडिया संवाद के माध्यम से भी अपनी बात प्रभावी ढंग से रखी है।

कंपनी की इन पहलों के माध्यम से विभिन्न हितधारकों के साथ मजबूत संबंध विकसित करने के साथ ही औद्योगिक गतिविधियों, विकास कार्यों तथा सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति में बालको के योगदान को व्यापक स्तर पर सामने लाने का प्रयास किया गया है। एसोचैम का यह सम्मान कॉरपोरेट संचार और जनसंपर्क के क्षेत्र में बालको की इन्हीं पहलों और प्रयासों को मिली महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

Must Read