मुख्य मार्ग पर ट्रक-ट्रेलर खड़े करने से बढ़ रही दुर्घटनाओं की आशंका, यातायात बाधित करने पर वाहन चालक और मालिक दोनों पर होगी वैधानिक कार्रवाई
छत्तीसगढ़/कोरबा :- सड़क पर बेतरतीब तरीके से ट्रक और ट्रेलर खड़े कर आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ अब दर्री पुलिस सख्ती बरतने की तैयारी में है। मुख्य मार्ग और सड़क किनारे भारी वाहनों की अनावश्यक पार्किंग से जहां यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए थाना दर्री पुलिस ने वाहन मालिकों और चालकों को स्पष्ट हिदायत दी है कि वे अपने ट्रक एवं ट्रेलर मुख्य मार्ग अथवा सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़े न करें। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
थाना दर्री पुलिस ने कहा है कि भारी वाहन चालक अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। मुख्य मार्ग पर बेतरतीब पार्किंग करने, आवागमन बाधित करने और दुर्घटना की स्थिति निर्मित करने से बचें। यातायात नियमों का पालन करते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने अथवा यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के साथ वाहन मालिक के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दर्री पुलिस की इस पहल का उद्देश्य सड़क पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के साथ ही भारी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है। अब देखना होगा कि पुलिस की इस चेतावनी के बाद मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों की मनमानी पार्किंग पर कितना अंकुश लग पाता है।












