HomeBreaking Newsभीषण गर्मी में राहत: रेलवे ने यात्रियों को बांटी ठंडी छाछ, जनरल...

भीषण गर्मी में राहत: रेलवे ने यात्रियों को बांटी ठंडी छाछ, जनरल कोच यात्रियों को मिला सुकून

दपूमरे, नागपुर मंडल :- भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा सराहनीय पहल की गई। मंडल के गोंदिया, राजनांदगांव और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इतवारी स्टेशनों पर ट्रेनों के जनरल कोच यात्रियों के लिए विशेष छाछ वितरण अभियान चलाया गया, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान ठंडक और ताजगी का एहसास हो सके।   

- Advertisement -

गोंदिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 3 पर ट्रेन संख्या 18030 शालीमार एक्सप्रेस, पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के जनरल कोच यात्रियों को ठंडी छाछ वितरित की गई। वहीं राजनांदगांव एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इतवारी स्टेशन पर भी यात्रियों के बीच छाछ वितरण कर उन्हें गर्मी से राहत देने का प्रयास किया गया। इसके अलावा नागभीड़ स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेनों के यात्रियों को शीतल पेयजल भी उपलब्ध कराया गया।

इस जनहितकारी पहल को यात्रियों ने काफी सराहा और इसे भीषण गर्मी के समय अत्यंत उपयोगी कदम बताया। यात्रियों ने रेलवे के इस प्रयास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे सराहनीय सेवा बताया।

इस अभियान का संचालन नागपुर मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक श्री दिलीप सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टाफ एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए छाछ वितरण को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा और कल्याण के लिए समय-समय पर इस प्रकार की जनहितकारी पहल की जाती है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और सुखद यात्रा अनुभव मिल सके।

Must Read