10 सीसी रोड निर्माण कार्यों की जांच के लिए जनपद सीईओ को सौंपा आवेदन, मोटाई और लंबाई की जांच शिकायतकर्ता के समक्ष कराने की मांग
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में DMF, विधायक मद एवं सांसद मद से कराए गए सीसी रोड निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। भारतीय जनता पार्टी कोरबा जिला अध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कुल सिंह कंवर ने जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र सौंपकर विभिन्न ग्राम पंचायतों में कराए गए सीसी रोड निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा 10 अगस्त 2026 को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि विभिन्न ग्राम पंचायतों में विधायक मद/सांसद मद से सीसी रोड निर्माण कार्य पूर्ण कराए गए हैं। इनमें कुछ कार्यों में सीसी रोड की गुणवत्ता निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं होने तथा मोटाई कम होने की शिकायत सामने आई है। उन्होंने इन कार्यों की जांच कोर कटिंग के माध्यम से शिकायतकर्ता के समक्ष कराए जाने का अनुरोध किया है।
इन 10 सड़कों की जांच की मांग
पत्र में जिन निर्माण कार्यों की सूची दी गई है, उनमें—
1. ग्राम पंचायत बगबुडा़ – देवगुड़ी से तिलकेजा पहुंच मार्ग की ओर सीसी रोड निर्माण कार्य।
2. बगबुडा़ – मुख्य मार्ग से देवगुड़ी से सीसी रोड निर्माण कार्य।
3. कुकरीचोली – मुख्य मार्ग श्मशान घाट की ओर सीसी रोड निर्माण कार्य।
4. बरीडीह – नहर से धनुहार पारा की ओर सीसी रोड निर्माण कार्य।
5. बरीडीह – बुधवास घर से हर प्रसाद घर की ओर सीसी रोड निर्माण कार्य।
6. बरीडीह – सीसी रोड निर्माण, दिलेश्वर खड़िया के घर से त्रिभुवन घर तक।
7. करमंदी – आरोग्य हॉस्पिटल से बांध की ओर सीसी रोड निर्माण कार्य।
8. बुंदेली – बुंदेली से मुढ़नारा की ओर सीसी रोड निर्माण कार्य।
9. तिलकेजा – चंडीपारा सीसी रोड निर्माण कार्य, पुल से ललित घर की ओर।
10. तिलकेजा – सीसी रोड, पुराने जसस्तंभ से सत्यय चौक से घर की ओर।
मौके पर जांच और कोर कटिंग की मांग
भाजपा जिलाध्यक्ष ने पत्र में संबंधित सभी कार्यों की मौके पर जांच कराने, सीसी रोड की वास्तविक मोटाई एवं निर्माण की लंबाई की जांच करने तथा कोर कटिंग शिकायतकर्ता के समक्ष कराए जाने की मांग की है। आवेदन में जांच के बाद यदि निर्माण कार्यों में अनियमितता या कमी पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का भी आग्रह किया गया है।
सरकारी राशि से हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर
DMF सहित विधायक एवं सांसद मद से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली और अन्य विकास कार्यों के लिए बड़ी राशि खर्च की जाती है। ऐसे में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उठने वाली शिकायतें सीधे तौर पर सरकारी धन के सदुपयोग और विकास कार्यों की गुणवत्ता से जुड़ी होती हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष की इस मांग के बाद अब संबंधित विभाग द्वारा इन 10 सीसी रोड निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कराई जाती है या नहीं, इस पर नजर रहेगी। 












