HomeBreaking Newsएक साल पुरानी चोरी का खुलासा: अधिवक्ता के घर से 8 लाख...

एक साल पुरानी चोरी का खुलासा: अधिवक्ता के घर से 8 लाख के जेवर चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

 छत्तीसगढ़/कोरबा-कटघोरा :- “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कटघोरा थाना क्षेत्र में अधिवक्ता के सूने मकान में हुई एक वर्ष पुरानी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 लाख रुपये का मसरूका भी बरामद किया है।     

- Advertisement -

जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2025 को पुरानी बस्ती कटघोरा निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के घर अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की थी। आरोपियों ने घर से लगभग 10 तोला सोने के जेवरात, जिनमें रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, चांदी की पायल और करीब 50 हजार रुपये नगद पार कर दिए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित कर लगातार जांच की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

 गिरफ्तार आरोपी:

  • अमित खांडे
  • गौतम कुमार

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर रानी हार सेट, झुमका, फैंसी चेन, दो पायल, लगभग 3 हजार रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अमित खांडे का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

 पुलिस की अपील:
कटघोरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें, सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कोरबा पुलिस “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत हो रहा है।

Must Read