छत्तीसगढ़/कोरबा :- ब्रह्माकुमारी संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका श्रद्धेय दादी डॉ. प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज परिवार, कोरबा द्वारा रक्तदान महादान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 23 अगस्त 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक ब्रह्माकुमारीज विश्व सद्भावना भवन, टी.पी. नगर, कोरबा में आयोजित होगा।
दादी डॉ. प्रकाशमणि जी ने अपने जीवन में मानवता, प्रेम, शांति, सद्भावना और सेवा का संदेश दिया। उनकी पुण्य स्मृति को सेवा कार्य के रूप में मनाते हुए आयोजित यह रक्तदान शिविर मानव सेवा और परोपकार की भावना को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम CHMO कोरबा श्री एस. एन. केसरी के आतिथ्य में आयोजित होगा। इस अवसर पर स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला चिकित्सालय, कोरबा के डॉक्टर एवं चिकित्सा टीम का विशेष सहयोग रहेगा। चिकित्सकों एवं विशेषज्ञ टीम की उपस्थिति में रक्तदान की प्रक्रिया व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग करना तथा आमजन को “रक्तदान महादान, रक्तदान जीवनदान” के संदेश के प्रति जागरूक करना है। ब्रह्माकुमारीज परिवार ने युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की है।
कार्यक्रम विवरण
दिनांक: 23 अगस्त 2026, रविवार
समय: प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक
स्थान: ब्रह्माकुमारीज विश्व सद्भावना भवन, टी.पी. नगर, कोरबा
चिकित्सकीय सहयोग: बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला चिकित्सालय, कोरबा के डॉक्टर एवं टीम
संपर्क: 7000959590, 9406007132
आयोजक: ब्रह्माकुमारीज, कोरबा
“रक्तदान महादान—आपका एक यूनिट रक्त किसी के जीवन में नई रोशनी भर सकता है।”

















