HomeBreaking Newsझोराघाट में पुलिस का बड़ा अभियान : फर्राटेबाजों पर चला डंडा, 23...

झोराघाट में पुलिस का बड़ा अभियान : फर्राटेबाजों पर चला डंडा, 23 बाइक चालकों पर कार्रवाई

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस ने रविवार को झोराघाट पिकनिक स्पॉट पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले बाइक चालकों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से तेज रफ्तार और स्टंटबाजी करने वाले युवकों में हड़कंप मच गया।   

- Advertisement -

रविवार होने के कारण झोराघाट पिकनिक स्पॉट पर बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवक तेज रफ्तार में बाइक चलाते, बिना सायलेंसर फर्राटे भरते, तीन सवारी बैठाकर वाहन दौड़ाते और स्टंटबाजी करते नजर आए। इससे वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो रहा था।   

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, बिना सायलेंसर और तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 23 दोपहिया वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला। अचानक हुई कार्रवाई से कई बाइक चालक रास्ता बदलते नजर आए, जबकि कुछ युवक मौके से भागने की कोशिश करते भी दिखे।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर चल रही इस मुहिम की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने कहा कि आने वाले दिनों में झोराघाट सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों पर भी लगातार वाहन जांच अभियान जारी रहेगा। बिना लाइसेंस, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना सायलेंसर बाइक चलाने और तीन सवारी बैठाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते पाया गया तो वाहन मालिक और परिजनों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कटघोरा पुलिस की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहनीय बताया है। नागरिकों का कहना है कि पिकनिक स्पॉट और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की नियमित जांच से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

Must Read