साप्ताहिक के बजाय अब द्वि-साप्ताहिक चलेगी इतवारी–मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन
छत्तीसगढ़/बिलासपुर :- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने श्रावणी मेला के दौरान बढ़ती भीड़ और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन संख्या 08895/08896 के फेरों में वृद्धि की गई है। अब यह ट्रेन साप्ताहिक के बजाय द्वि-साप्ताहिक चलाई जाएगी। इसके साथ ही दोनों दिशाओं में 2-2 अतिरिक्त फेरे जोड़े गए हैं, जिससे अब यह ट्रेन कुल 7-7 फेरे लगाएगी।
ट्रेन संख्या 08895 इतवारी–मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हर शनिवार को 1 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक 5 फेरे संचालित कर रही थी। अब इसमें 18 अगस्त और 25 अगस्त को दो अतिरिक्त फेरे शामिल किए गए हैं।
इसी तरह ट्रेन संख्या 08896 मधुपुर–इतवारी श्रावणी मेला स्पेशल हर रविवार को 2 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक 5 फेरे चला रही थी। इसमें भी 19 अगस्त और 26 अगस्त को दो अतिरिक्त फेरे जोड़े गए हैं।
इस बदलाव के बाद यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में अब कुल 7-7 फेरे पूरी करेगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन के ठहराव, समय-सारिणी और अन्य परिचालन व्यवस्था पहले जैसी ही रहेगी।
20 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान, 4 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारिणी और ठहराव की जानकारी भारतीय रेल की आधिकारिक पूछताछ वेबसाइट से अवश्य प्राप्त करें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।











