छत्तीसगढ़/कोरबा :- उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए विवाद में युवक की कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात लगभग 11 बजे दीपका थाना क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच कहासुनी हो गई थी।
रिजॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद सभी युवक बाहर सड़क पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान तुषार ढांडा अपने बोलेरो कैंपर वाहन में बैठा और गुस्से में वाहन सीधे उज्ज्वल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल उज्ज्वल को उसके साथी तत्काल जिला चिकित्सालय, कोरबा लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
थाना उरगा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











