गांजा सेवन करते युवक से पूछताछ के बाद महिला के ठिकाने पर रेड, 14 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद; आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
छत्तीसगढ़/कोरबा :- नशे के अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा तथा अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री और उपलब्धता पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने धनुहारपारा निवासी 19 वर्षीय यश बैरागी, पिता कमलेश कश्यप को गांजा सेवन करते पकड़ा। उसके कब्जे से 5 ग्राम गांजा बरामद किया गया। मामले में धारा 27 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में यश बैरागी ने बताया कि वह अटल आवास, राताखार निवासी आशा महंत से गांजा प्राप्त करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आशा महंत के ठिकाने पर तत्काल रेड कार्रवाई की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 14 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिक्री रकम 100 रुपये बरामद हुई। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक आशा महंत पूर्व में भी आबकारी एक्ट के प्रकरण में जेल जा चुकी है।
अवैध महुआ शराब के एक अन्य मामले में कार्रवाई
एक अन्य प्रकरण में अटल आवास, राताखार निवासी रीना बैरागी, पति कृष्णा बैरागी के कब्जे से अवैध महुआ शराब बरामद की गई। उसके विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने नशे से जुड़ी गतिविधियों और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कुछ लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। राताखार निवासी रवि वर्मा के संबंध में गांजा बिक्री किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने रेड कार्रवाई की। उसके विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
इसी तरह आजाद सिंह पाल, प्रभात बैरागी एवं प्रतीक बैरागी द्वारा संचालित पान ठेलों पर नशे से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराए जाने की गतिविधियां पाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई की। तीनों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों, नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा उपलब्धता कराने वालों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सूचना मिलने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास अवैध शराब, गांजा अथवा अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री और आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने और सुरक्षित एवं नशामुक्त कोरबा के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की है।












