छत्तीसगढ़/कोरबा :- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रानी अहिल्याबाई कन्वेंशन हॉल, कोरबा में जिला प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, ब्रह्माकुमारीज के भाई-बहनों तथा शहर के हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुनाल दुदावत, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। योगाचार्य राजेश्वर पांडे ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने योग को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की आधारशिला बताते हुए नागरिकों से नियमित योग अपनाने का आह्वान किया। ब्रह्माकुमारीज द्वारा राजयोग मेडिटेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आंतरिक शांति और आत्मबल का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त भारत के निर्माण तथा अपने दैनिक जीवन में योग और ध्यान को अपनाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में स्वास्थ्य, आध्यात्मिकता और सामाजिक जागरूकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।












