घंटाघर चौक में 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी हुए आयोजन
छत्तीसगढ़/कोरबा :- ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कोरबा के घंटाघर चौक में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उद्योग मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन की मौजूदगी में 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से घंटाघर चौक जगमगा उठा। जिले में 5.50 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया था। 
अभियान के तहत कटघोरा, बांकीमोंगरा, दीपका, करतला, पोड़ीउपरोड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। दीपका में 11 हजार, करतला में 5,100, जामबहार में 5,100 तथा पोड़ीउपरोड़ा में 15 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। कलेक्टोरेट सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों में भी अधिकारियों-कर्मचारियों ने दीप जलाकर अभियान में सहभागिता निभाई। 
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्व-सहायता समूहों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, जनकल्याण, सामाजिक एकजुटता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। 
इसी क्रम में ग्राम ईरफ में किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को अरहर की उन्नत खेती, प्राकृतिक खेती, कीट प्रबंधन तथा कृषक उन्नति योजना की जानकारी दी। किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने और शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। 
सेवा संकल्प अभियान के तहत 18 सितंबर को जिले के विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता तथा 19 सितंबर को चित्र प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। अभियान के अंतर्गत सेवा, जनकल्याण एवं जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित की जाएंगी। 












