HomeBreaking Newsकोरबा की अनदेखी पर सांसद महंत का रेलवे पर निशाना, बोलीं—25 से...

कोरबा की अनदेखी पर सांसद महंत का रेलवे पर निशाना, बोलीं—25 से ज्यादा चिट्ठियों के बाद भी नहीं जागा रेलवे

‘प्रेस से मिलिए’ में रेल, भू-विस्थापन, रोजगार, स्वास्थ्य और पर्यटन के मुद्दे उठे; जयसिंह अग्रवाल ने सेवा संकल्प अभियान पर सवाल उठाए, भाजपा ने कांग्रेस पर किया पलटवार

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  कोरबा लोकसभा की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने गुरुवार को टीपी नगर स्थित प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। रेल सुविधाओं, भू-विस्थापन, रोजगार, स्वास्थ्य, पर्यटन और सड़क से जुड़े विषयों पर उन्होंने रेलवे एवं संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। वहीं प्रेसवार्ता में मौजूद पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने 17 सितंबर को भाजपा द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत दीप प्रज्वलन कार्यक्रम को लेकर सवाल उठाए। भाजपा की ओर से जिला मंत्री अजय विश्वकर्मा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया।

- Advertisement -

25 से ज्यादा पत्र, फिर भी रेल सुविधाओं पर नहीं हुई सुनवाई

सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि अपने प्रथम संसदीय कार्यकाल से लेकर वर्तमान कार्यकाल तक वे कोरबा लोकसभा क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को सदन तथा संबंधित विभागों के सामने लगातार उठाती रही हैं। उन्होंने कहा कि कोरबा रेलवे को बड़ी मात्रा में राजस्व देने वाला क्षेत्र है, इसके बावजूद रेल सुविधाओं के मामले में अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड को 25 से अधिक पत्र लिखे जा चुके हैं, लेकिन अब तक किसी मांग पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। कोरोना काल में बंद हुई ट्रेनों को पुन: शुरू करने, ट्रेनों के विस्तार, ठहराव तथा नई यात्री ट्रेनों के संचालन की मांग को लेकर जीएम, डीआरएम और रेल मंत्री तक पत्राचार किए जाने की बात उन्होंने कही।

सांसद ने सवाल उठाया कि रेलवे की प्राथमिकता क्या केवल कोयला परिवहन तक सीमित रह गई है? उन्होंने संकेत दिया कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में पूर्व मंत्री सहित क्षेत्र के विधायकों को साथ लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी की जा रही है। मंडल स्तरीय सांसदों की आगामी बैठक के लिए भी क्षेत्र से जुड़े प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी उन्होंने दी।

भू-विस्थापितों का मुद्दा भी उठा

सांसद महंत ने एसईसीएल की परियोजनाओं से प्रभावित भू-विस्थापितों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि हरदीबाजार, अमगांव, चुरैल, पाली, पड़नियां सहित कई क्षेत्रों में ग्रामीणों की जमीन अधिग्रहित की गई, लेकिन मुआवजा, रोजगार और बसाहट से जुड़े मामले अब भी लंबित हैं।

उनका कहना था कि वर्षों बाद जमीन अधिग्रहित किए जाने की स्थिति में किसानों को वर्तमान दर के अनुरूप मुआवजा मिलना चाहिए। साथ ही प्रभावित परिवारों को सर्वसुविधायुक्त बसाहट उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार बसाहट की व्यवस्था किए बिना प्रभावित परिवारों के मकान तोड़ने की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।

आंदोलन करने वाले ग्रामीणों के साथ कथित रूप से बल प्रयोग किए जाने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।

मेडिकल अनफिट कर्मचारियों के आश्रितों के रोजगार का मुद्दा

सांसद ने एसईसीएल के मेडिकल अनफिट कर्मचारियों के आश्रितों को रोजगार नहीं मिलने का विषय भी उठाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मेडिकल बोर्ड की बैठक नहीं होने के कारण कर्मचारियों के आश्रितों के सामने परेशानी बनी हुई है। उन्होंने इस व्यवस्था को जल्द शुरू करने की मांग की।

धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन से जोड़ने पर जोर

कोरबा लोकसभा क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि कनकी, चैतुरगढ़, कुदुरमाल, मड़वारानी, हनुमानगढ़ी, कोसगई और मातीन दाई सहित विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी अनुशंसा पर विभिन्न निधियों से कई स्थानों पर विकास कार्य भी कराए गए हैं।

सुनालिया अंडरब्रिज की देरी पर उठाए सवाल

कोरबा की यातायात व्यवस्था का जिक्र करते हुए सांसद ने सुनालिया अंडरब्रिज के निर्माण में हो रही देरी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इस विषय में पूर्व में उनके साथ अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पहल की थी। 16 सितंबर को हुई दिशा समिति की बैठक में उन्होंने कलेक्टर से इस दिशा में उचित पहल करने को कहा है।

मेडिकल कॉलेज में सीटें बढ़ाने का दावा

सांसद महंत ने कहा कि कोरबा मेडिकल कॉलेज में स्नातकोत्तर और एमबीबीएस की सीटें बढ़ाने के लिए प्रयास किए गए, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे लोकसभा क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में प्रयास जारी हैं। मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज की दिशा में हुई प्रगति के साथ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भी मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

सेवा संकल्प अभियान को लेकर कांग्रेस का सवाल

प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल को लेकर भाजपा द्वारा जिस तरह आयोजन किया जा रहा है, उसके पीछे हालिया राजनीतिक परिस्थितियों के बाद छवि सुधारने का प्रयास होने का उनका आरोप है।

अग्रवाल ने सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल और दीप जलाने में तेल की खपत को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक ओर लोगों से तेल बचाने की बात कही जाती है, वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में दीप जलाने के आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग से जोड़ते हुए आपत्ति जताई।

भाजपा ने कांग्रेस पर किया पलटवार

कांग्रेस के इन सवालों पर भाजपा जिला मंत्री अजय विश्वकर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं और उनके विकास कार्यों पर सवाल खड़ा करना उचित नहीं है। तेल की बर्बादी और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के आरोपों पर उन्होंने कांग्रेस के पूर्व कार्यक्रमों का उदाहरण देते हुए सवाल किया कि जब प्रियंका गांधी रायपुर आई थीं और कांग्रेस की ओर से गुलाब की पंखुड़ियां बिछाई गई थीं, तब क्या उसका खर्च नेताओं ने अपने निजी पैसों से किया था?

भाजपा की ओर से कहा गया कि राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने आयोजनों में हुए खर्च और व्यवस्थाओं पर भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

प्रेसवार्ता में कांग्रेस के कई नेता रहे मौजूद

‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, विधायक फूलसिंह राठिया, हरीश परसाई, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश राठौर, मनोज चौहान सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कोरबा में आयोजित इस प्रेसवार्ता के दौरान जहां सांसद ज्योत्सना महंत ने क्षेत्र की विकास संबंधी समस्याओं और केंद्र एवं रेलवे से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया, वहीं सेवा संकल्प अभियान को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी सामने आए।

Must Read