HomeBreaking Newsकोरबा में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 252 मरीजों को मिला लाभ

कोरबा में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 252 मरीजों को मिला लाभ

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के संस्थापक सदस्य एवं शिव औषधालय के संस्थापक स्वर्गीय पंडित विद्याधर शर्मा जी की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार, 19 अप्रैल 2026 को एक वृहद् नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति, शिव औषधालय, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, नीमा एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में पतंजलि चिकित्सालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड में आयोजित हुआ।     

- Advertisement -

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लखन लाल देवांगन उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता संजू देवी सिंह राजपूत ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नरेंद्र देवांगन मौजूद रहे। 

शिविर का शुभारंभ भगवान परशुराम, भगवान धन्वंतरि, भारत माता एवं पंडित विद्याधर शर्मा के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। आयोजन के दौरान अस्थि खनिज घनत्व (BMD) जांच, नेत्र परीक्षण, आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श सहित विभिन्न रोगों की जांच और उपचार की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई।

शिविर में कुल 252 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें 117 लोगों की बोन मिनरल डेंसिटी जांच, 72 लोगों की नेत्र जांच एवं चश्मा परामर्श, 135 मरीजों की रक्त शर्करा जांच तथा 63 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच की गई। साथ ही गर्मी से राहत के लिए शीतल पेय भी वितरित किया गया।

शिविर के आयोजक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कहा कि आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाकर स्वस्थ और आनंदमय जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने लोगों से आयुर्वेद को प्राथमिक चिकित्सा पद्धति के रूप में अपनाने की अपील की।

मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है” और इस प्रकार के जनहितकारी कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। वहीं महापौर संजू देवी राजपूत ने “अच्छा स्वास्थ्य ही सच्चा धन है” बताते हुए आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आंख, कान-नाक-गला, दंत, स्त्री रोग, शिशु रोग, चर्म रोग सहित अनेक बीमारियों का परामर्श दिया गया। साथ ही योग प्रशिक्षकों द्वारा रोगानुसार योग एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण भी दिया गया।

Must Read