HomeBreaking Newsस्वतंत्रता दिवस पर निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, मधुमेह समेत कई रोगों की...

स्वतंत्रता दिवस पर निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, मधुमेह समेत कई रोगों की होगी जांच

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर “स्वस्थ भारत–समृद्ध भारत” अभियान एवं “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के अंतर्गत आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, भारत विकास परिषद एवं आरोग्य भारती के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क आयुर्वेद, एक्यूप्रेशर एवं योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह विशेष स्वास्थ्य शिविर 15 अगस्त 2026, शनिवार को पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, महानदी निहारिका रोड, कोरबा में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में मधुमेह की रक्त शर्करा जांच के साथ स्त्री, पुरुष एवं बच्चों के विभिन्न सामान्य, साध्य, कष्टसाध्य एवं असाध्य रोगों के लिए आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श एवं उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध रहेगी।
शिविर प्रभारी नेत्रनंदन साहू ने बताया कि शिविर में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित एवं हजारों रोगियों के उपचार का प्रत्यक्ष प्रायोगिक अनुभव रखने वाली छत्तीसगढ़ की अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा, नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा तथा श्री शिव औषधालय के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे।
शिविर में रोगियों को रोगानुसार एक्यूप्रेशर पॉइंट की जानकारी एवं निःशुल्क उपचार भी दिया जाएगा। यह सेवा पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय वेलनेस सेंटर एवं पंचकर्म चिकित्सालय की पंचकर्म एवं एक्यूप्रेशर थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ द्वारा प्रदान की जाएगी।
हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप और ब्लड शुगर जांच निःशुल्क
शिविर में आने वाले मरीजों के लिए हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप एवं ब्लड शुगर की जांच निःशुल्क की जाएगी। इसके साथ ही शिविरार्थियों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधि भी उपलब्ध कराई जाएगी।
विशेषज्ञों द्वारा मरीजों को उनके रोग एवं स्वास्थ्य के अनुसार दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार, योग एवं प्राणायाम से संबंधित व्यक्तिगत परामर्श दिया जाएगा। शिविर में आने वाले लोगों को उपयोगी स्वास्थ्य पुस्तिका भी निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
शिविर प्रभारी नेत्रनंदन साहू ने अंचलवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में पंजीयन एवं जांच के लिए निर्धारित समय प्राप्त करने हेतु मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है, ताकि शिविरार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Must Read