कटघोरा पुलिस पर कबाड़ से भरे वाहन को पकड़ने के बाद कार्रवाई नहीं करने और लेन-देन के आरोप; शिकायत पर SDOP ने की जांच, एसपी ने लिया सख्त एक्शन
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अवैध कारोबार और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कटघोरा थाना क्षेत्र में कबाड़ से जुड़े एक मामले में पुलिसकर्मियों के संदिग्ध आचरण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक एमबी पटेल, सहायक उप निरीक्षक राम पांडेय, आरक्षक पुष्पेंद्र कुर्रे और आरक्षक कंवर शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, कटघोरा थाना क्षेत्र में कबाड़ से भरे एक वाहन को पुलिस ने पकड़ा था। आरोप है कि वाहन को कई दिनों तक थाने में खड़ा रखने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसी दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली और कथित लेन-देन को लेकर शिकायत पुलिस अधीक्षक तक पहुंची।
शिकायत पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत को जांच के निर्देश दिए। एसडीओपी द्वारा मामले की जांच कर प्रतिवेदन पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर एसपी ने चारों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की।
सूत्रों के अनुसार, मामला कटघोरा थाना क्षेत्र के कबाड़ कारोबार से जुड़े कुछ लोगों से संबंधित बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि करीब 15 से 20 दिन पहले भी कबाड़ से भरा एक वाहन पकड़ा गया था। वहीं हाल के दिनों में एक अन्य कबाड़ लदे ट्रक को भी पुलिस द्वारा रोककर रखा गया था, लेकिन कार्रवाई को लेकर सवाल उठे थे।
पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। कार्रवाई के जरिए यह संदेश दिया गया है कि अवैध कारोबार को संरक्षण देने, नियमों की अनदेखी करने या पुलिस की भूमिका को संदिग्ध बनाने वाले आचरण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

















