HomeBreaking Newsसाइबर जागृति अभियान: कोरबा में स्कूल, कॉलेज से गांव-बाजार तक पुलिस चला...

साइबर जागृति अभियान: कोरबा में स्कूल, कॉलेज से गांव-बाजार तक पुलिस चला रही जागरूकता अभियान

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध से सुरक्षित बनाने और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।   

- Advertisement -

अभियान के दौरान पुलिस की टीमें स्कूल-कॉलेज, गांव, बाजार, चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर विद्यार्थियों एवं नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बता रही हैं। लोगों को OTP, ATM PIN, CVV, पासवर्ड, फर्जी लिंक, UPI फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, जॉब फ्रॉड और बैंकिंग फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया जा रहा है।

इन स्थानों पर हुए जागरूकता कार्यक्रम

अभियान के तहत थाना कोतवाली क्षेत्र के शासकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय इमलीडुग्गू, थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र के निहारिका, थाना दर्री क्षेत्र के सीपेट कॉलेज स्याहीमुड़ी, चौकी CSEB क्षेत्र के सरस्वती शिशु मंदिर बुधवारी तथा चौकी राजगामार परिसर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 

इसी तरह थाना श्यांग क्षेत्र के ग्राम बरपाली, थाना हरदीबाजार क्षेत्र के ग्राम चोड़हा और थाना दीपका क्षेत्र के KCC कैंप दीपका में भी पुलिस टीम ने ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी।

OTP, PIN और संदिग्ध लिंक से रहें सावधान

पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, CVV, पासवर्ड, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या अन्य निजी जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध QR Code स्कैन करने या अज्ञात मोबाइल एप डाउनलोड करने से भी बचें।

पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया और बताया कि साइबर अपराधी डर या लालच का फायदा उठाकर लोगों से ठगी कर रहे हैं। इसलिए किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें।

पोस्टर, बैनर और QR Code से भी जागरूकता

“साइबर जागृति अभियान” के तहत जिले के प्रमुख स्थानों पर पोस्टर एवं बैनर लगाए जा रहे हैं। QR Code के माध्यम से भी साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो बिना समय गंवाए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें और साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कराने की कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है।

“साइबर जागृति की एक सेल्फी” से जुड़ रहे युवा

अभियान के तहत साइबर जागृति की एक सेल्फी” थीम के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, आम नागरिकों और सामाजिक समूहों को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है। इसका उद्देश्य साइबर सुरक्षा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और समाज में साइबर अपराध के प्रति सतर्कता बढ़ाना है।

कोरबा पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि साइबर अपराध से बचने के लिए स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं, इसलिए किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें।

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। साइबर अपराध के विरुद्ध जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।

कोरबा पुलिस — “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा”

 

Must Read