हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद, 23 और 19 वर्षीय दोनों आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
छत्तीसगढ़/कोरबा :- घर के सामने लॉक करके खड़ी मोटरसाइकिल चोरी कर उसे बेचने की कोशिश कर रहे दो युवकों को थाना उरगा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AA 7959 बरामद कर जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना उरगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अक्टूबर 2026 को वह अपनी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल से घर पहुंचा और वाहन को घर के सामने लॉक करके खड़ा कर दिया। कुछ समय बाद वापस आने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उसने पुलिस से शिकायत की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर पतासाजी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोहित राजपूत (23 वर्ष) और आकाश यादव (19 वर्ष) को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर विधिवत जब्त की गई। मामले में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 567/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 3(5) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
वाहन मालिकों से सतर्कता बरतने की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक करके रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।












