पहाड़ी कोरवा परिवारों के आवास के लिए विशेष अभियान, हर गांव में हर हाथ को काम देने पर जोर
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री प्रतीक जैन ने सोमवार को जिला पंचायत सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं विकसित भारत-जी राम जी योजना के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और मैदानी अमले को दोनों योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण हितग्राहियों के आवास हर हाल में पूर्ण कराए जाएं और निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। 
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा के दौरान सीईओ ने जनपद पंचायत स्तर के अधिकारियों को आवास निर्माण की सतत निगरानी और नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदानी अमले को लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर हितग्राहियों से संपर्क बनाए रखने तथा निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण कराने को कहा। जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारियों को हितग्राहीवार समीक्षा करते हुए आवास पूर्णता के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
पहाड़ी कोरवा परिवारों के आवास पर विशेष फोकस
सीईओ श्री जैन ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों के आवास निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में विशेष अभियान चलाकर प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारी एवं मैदानी अमला हितग्राहियों से निरंतर संपर्क में रहकर निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें।
हर गांव में हर हाथ को मिले काम
विकसित भारत-जी राम जी योजना की समीक्षा करते हुए सीईओ ने ग्राम पंचायतों में मिट्टीमूलक एवं श्रममूलक कार्यों को प्राथमिकता से शुरू कर समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामों में पर्याप्त संख्या में कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक गांव में ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ताकि हर हाथ को काम मिल सके।
उन्होंने जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के अभिसरण से अधिक से अधिक कार्य प्रस्तावित एवं क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण करना भी है।
सीईओ ने अधिकारियों को दोनों योजनाओं में नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी निरीक्षण और समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरुण किरण, उपसंचालक पंचायत श्री मिथलेश किसान, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं विकसित भारत-जी राम जी योजना से जुड़े जिला एवं जनपद पंचायत स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












