HomeBreaking Newsसेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर, उपमुख्यमंत्री अरुण...

सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दिए निर्देश

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है अभियान, शेष कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी और समन्वय सुनिश्चित करने कहा

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  उपमुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत संचालित गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान के शेष कार्यक्रमों की तिथिवार कार्ययोजना तैयार कर व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

- Advertisement -

उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सार्थक, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के लिए शासन, प्रशासन और आमजन के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का सुचारु एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा। 

उन्होंने 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि घर-घर दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से जनभागीदारी का जो उत्साह देखने को मिला, वह अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रकला और भाषण के माध्यम से देश के प्रति अपनी कल्पनाओं एवं विचारों की अभिव्यक्ति की भी उन्होंने सराहना की।

श्री साव ने आगामी कार्यक्रमों के लिए तिथिवार कार्ययोजना तैयार करने, कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं आयोजन स्थलों का समयबद्ध चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रमों की तिथि, स्वरूप और आयोजन स्थल की पूर्व जानकारी उपलब्ध कराने तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियों का समय पर आयोजन सुनिश्चित करने कहा।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत गांवों और शहरों में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। नदी-घाटों की साफ-सफाई, वृहद पौधरोपण, रक्तदान, अंगदान सहित विभिन्न जनसेवा गतिविधियों में अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रत्येक कार्यक्रम में सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और मानवता के प्रति संकल्प की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को ‘सेवा की कहानी’ के रूप में संकलित कर आमजन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं से लोगों के जीवन में आए वास्तविक परिवर्तन की प्रेरक कहानियां अभियान को और प्रभावी बनाएंगी।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी मिले और पात्र हितग्राही उनके लाभ से जुड़ सकें, यह सुनिश्चित किया जाए। आगामी कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मुनादी, बैनर, पोस्टर एवं अन्य प्रचार माध्यमों का उपयोग करने के निर्देश भी उन्होंने दिए।

सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश

कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने अधिकारियों को अभियान के तहत निर्धारित तिथियों के अनुरूप सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने जिला मुख्यालय के साथ सभी नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक अभियान की गतिविधियां पहुंचाने तथा प्रत्येक कार्यक्रम में जनसहभागिता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित विभागों को जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने कहा।

कलेक्टर ने आगामी कार्यक्रमों की दी जानकारी

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले में आयोजित होने वाली आगामी गतिविधियों की तिथिवार कार्ययोजना एवं तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है। अभियान के सुचारु संचालन के लिए विभागवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं तथा प्रशासनिक अधिकारियों को मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी विकासखंडों में जनजागरूकता के लिए प्रचार रथ भी रवाना किए गए हैं।

कलेक्टर ने बताया कि 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जिले में साढ़े पांच लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में जिले के 2034 शासकीय एवं निजी विद्यालयों के एक लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने विकसित भारत की कल्पनाओं को रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से व्यक्त किया। आगामी दिनों में ब्लॉक एवं जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत चिन्हांकित 15 विद्यालयों में नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ 25 सितंबर से विभिन्न तिथियों में आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होगी, जिसमें माताओं एवं बच्चों की सहभागिता के साथ पोषण, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान ‘हर घर मुनगा’ के तहत पालकों को पौधे भी वितरित किए जाएंगे।

‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां आमजन तक पहुंचाई जा रही हैं। वहीं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सहित विभिन्न जनभागीदारी यात्राओं के माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत किया जाएगा।

‘जल सेवा संकल्प’ के तहत हसदेव, लीलागर सहित जिले की अन्य नदियों के किनारे एक लाख से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नदी-घाटों की स्वच्छता सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सर्वमंगला घाट पर जनप्रतिनिधियों के सहयोग से स्वच्छता कार्यक्रम तथा वनवासी कल्याण आश्रम में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। 25 सितंबर को जिला मुख्यालय में दिव्यांग शिविर और जिला मुख्यालय में स्थानीय उत्पादों का मेला भी आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर पर शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ा जाएगा तथा राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा विकसित भारत संकल्प यात्रा, जल जन सेवा संकल्प, रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

बैठक में वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, श्री गोपाल मोदी, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन, डीएफएओ कटघोरा श्री जितेंद्र उपाध्याय, निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण, एडीएम श्री देवेंद्र पटेल सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Must Read