नीट में सफलता के बाद शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय महासमुंद में हुआ चयन, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने छात्रा को शुभकामनाएं देकर बढ़ाया हौसला
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड पाली अंतर्गत ग्राम मुड़ाकछार निवासी सुश्री ज्योति कंवर को उच्च शिक्षा के लिए 53 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार तथा कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन एवं कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में डीएमएफटी कोरबा अंतर्गत संचालित स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना के माध्यम से खनन प्रभावित क्षेत्रों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है। योजना का उद्देश्य आर्थिक परिस्थितियों को विद्यार्थियों की प्रतिभा और उनके उच्च शिक्षा के लक्ष्य में बाधा बनने से रोकना है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने सुश्री ज्योति कंवर को सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने छात्रा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत, लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
सुश्री ज्योति कंवर ने कक्षा 12वीं की शिक्षा प्रयास आवासीय विद्यालय से पूर्ण करने के बाद राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में सफलता हासिल की। उनकी मेहनत और प्रतिभा के आधार पर उनका चयन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, महासमुंद में हुआ है। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के उनके सपने को पूरा करने में डीएमएफटी की शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।
आर्थिक सहायता मिलने पर सुश्री ज्योति कंवर ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग उनकी उच्च शिक्षा जारी रखने और अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण साबित होगा।












