HomeBreaking Newsसेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने के निर्देश

सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने के निर्देश

मुख्य सचिव ने कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर अभियान की गतिविधियों की समीक्षा की

कोरबा, 21 सितंबर 2026। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन से राज्य के सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई। प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।

- Advertisement -

मुख्य सचिव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी और एक-दूसरे की मदद की संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम बनाया जाए। उन्होंने कलेक्टरों एवं अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए अधिक से अधिक लोगों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री के मार्गदर्शन में ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों में लोगों को सहभागी बनाते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। इसके लिए मंत्रियों के साथ आवश्यक बैठक एवं चर्चा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिविरों में केंद्र शासन की चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं को शामिल करने तथा उनके हितग्राहियों की जानकारी अद्यतन रखने को कहा गया। मुख्य सचिव ने फसल गिरदावरी सर्वे, जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की भी समीक्षा की।

23 से 25 सितंबर तक नगरीय निकायों में होंगे सेवा एवं दान संबंधी आयोजन

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 23 से 25 सितंबर तक सभी जिलों के नगरीय निकाय क्षेत्रों में तथा 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सेवा एवं स्वच्छता, अन्न एवं वस्त्र दान, विद्या दान एवं शिक्षा सहयोग, कौशल एवं ज्ञान दान, हरित छत्तीसगढ़ एवं पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं रक्तदान, अंगदान एवं देहदान, सामाजिक सुरक्षा एवं जागरूकता तथा स्थानीय उत्पादन एवं महिला सशक्तिकरण जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।

मुख्य सचिव ने इन गतिविधियों में एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवकों, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संस्थाओं, युवा संगठनों एवं ‘मेरा युवा भारत’ सहित विभिन्न सहयोगी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी गतिविधियों को फोटोग्राफ्स सहित माय भारत पोर्टल पर अपलोड करने को भी कहा गया।

अंग एवं देहदान करने वाले परिवारों को किया जाए सम्मानित

मुख्य सचिव ने कहा कि जिन परिवारों के मृत परिजनों द्वारा देह एवं अंगदान किया जाता है, उन्हें सम्मानित किया जाए। अंगदान से लाभान्वित लोगों के परिवारों को भी कार्यक्रमों में शामिल कर उनकी प्रतिक्रिया ली जाए। उन्होंने कहा कि अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान के बाद भी निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य के लिए आगे आएं।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत 10 हजार पौधरोपण का लक्ष्य

हरित छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत स्थानीय प्रजातियों के 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्य सचिव ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प एवं दान उत्सव में होंगी व्यापक गतिविधियां

23 से 25 सितंबर तक प्रदेश के सभी जिलों के नगरीय निकायों में तथा 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प एवं दान उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत सेवा एवं स्वच्छता, विद्या दान एवं शिक्षा सहयोग, अन्न एवं वस्त्र दान, कौशल एवं ज्ञान दान तथा प्रशिक्षण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जल संरक्षण एवं जल स्रोतों की साफ-सफाई, पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान, महा रक्तदान, मेगा कैंप एवं निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित होंगे। इसके अलावा महा अन्नदान अभियान, गरिमा किट वितरण, बुक ट्री, स्कूल किट एवं वंचित बच्चों की शिक्षा में सहयोग जैसी गतिविधियां भी होंगी।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि दान उत्सव का लाभ अनाथालयों, वृद्धाश्रमों एवं जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचे। सामाजिक संस्थाओं एवं समितियों को भी अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ा जाए। उन्होंने उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को उत्सव के समापन पर सम्मानित करने के निर्देश दिए।

सेवा सेतु शिविरों के आवेदनों का समयबद्ध निराकरण हो

मुख्य सचिव ने सेवा सेतु शिविरों में प्राप्त आवेदनों को व्यवस्थित रूप से एकत्र कर उनका परीक्षण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को प्रोएक्टिव होकर कार्य करने तथा शिविरों को परिणाम आधारित बनाने के निर्देश दिए।

शिविरों में केंद्र सरकार की चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं को शामिल कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी से संबंधित लंबित शिकायतों का भी समय-सीमा में निराकरण करने को कहा गया।

कलेक्टरों को प्रभावी नेतृत्व के निर्देश

मुख्य सचिव ने कहा कि कलेक्टर अपने-अपने जिलों के लीडर हैं, इसलिए सभी अभियानों का प्रभावी नेतृत्व करते हुए बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान की सभी गतिविधियों की जानकारी गूगल शीट में व्यवस्थित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि जिलेवार गतिविधियों एवं उपलब्धियों की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सके।

गिरदावरी सर्वे में शुद्धता और विश्वसनीयता पर जोर

मुख्य सचिव ने फसल गिरदावरी सर्वे में शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए तहसीलदारों एवं पटवारियों के कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा गया।

जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन की साप्ताहिक समीक्षा

जल जीवन मिशन को प्राथमिकता देते हुए सभी जिलों में कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। 15 अक्टूबर तक निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नल कनेक्शन एवं उन्हें क्रियाशील करने की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा गया। समस्या आने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि नल जल योजना एवं जल जीवन मिशन के कार्यों के लिए उप अभियंताओं की कमी नहीं होनी चाहिए। जहां आवश्यकता हो, वहां अन्य निर्माण विभागों के उप अभियंताओं की भी ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने कलेक्टरों को जल जीवन मिशन की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के निर्धारित लक्ष्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी, सेवा भावना एवं सामाजिक सहयोग का स्थायी माध्यम बनाया जाए। सभी विभाग एवं जिला प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को प्रभावी परिणामों तक पहुंचाएं।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चम्पावत, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, आयुक्त जनसंपर्क श्री रजत बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सभी संभागायुक्त एवं अन्य विभागों के प्रमुख जिला अधिकारी शामिल हुए।

कोरबा के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्य सचिव से प्राप्त निर्देशों का गंभीरता से पालन करने तथा सेवा संकल्प अभियान की सफलता के लिए सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।

 

Must Read