HomeBreaking News73 करोड़ की विकास सौगात: उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा— सत्ता शासन...

73 करोड़ की विकास सौगात: उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा— सत्ता शासन के लिए नहीं, सेवा के लिए है

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिला प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने गुरुवार को कोरबा जिले को 73 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 36.37 करोड़ रुपये की लागत के 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 37.45 करोड़ रुपये की लागत के 7 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार सत्ता चलाने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने के लिए है।”
दादरखुर्द स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री ने सुनालिया नहर मार्ग स्थित बहुप्रतीक्षित मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण किया तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर का भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है और शासन का प्रत्येक रुपया जनता के हित में खर्च किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) की राशि का अब जनहित में बेहतर उपयोग किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृहप्रवेश
उपमुख्यमंत्री श्री साव और उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने प्रधानमंत्री आवास योजना (एएचपी) के तहत कई हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपकर गृहप्रवेश कराया। उन्होंने कहा कि यह केवल मकान की चाबी नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के जीवन में नई खुशियों का प्रवेश है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में सड़क, आंगनबाड़ी सहित सभी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
उद्योग मंत्री ने गिनाईं विकास उपलब्धियां
उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री के मार्गदर्शन में कोरबा जिले में लगभग एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने “मोदी की गारंटी” को पूरा करते हुए किसानों, गरीबों और महिलाओं के लिए कई योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया है।
महापौर ने जताया आभार
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने जिले को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने निगम के विकास कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, मंत्री श्री लखनलाल देवांगन तथा अन्य अतिथियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रमुख विकास कार्य
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में बेलगरी, गुरमा और लमटी नालों पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण, सीसी सड़क चौड़ीकरण, विभिन्न वार्डों में पेयजल व्यवस्था, आदिवासी छात्रावास एवं आश्रम भवन निर्माण तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर का विकास शामिल है।
लोकार्पित परियोजनाओं में 17.04 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग, जल जीवन मिशन की योजनाएं, विभिन्न उच्चस्तरीय पुल, स्लैब कलवर्ट तथा घंटाघर चौक में स्थापित विशाल राष्ट्रीय ध्वज प्रमुख रहे।
घंटाघर चौक पर फहराया विशाल तिरंगा
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने घंटाघर चौक में स्थापित विशाल राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण कर तिरंगा फहराया। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा राष्ट्र की आन, बान और शान का प्रतीक है और नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करेगा।

Must Read